प्रतापगढ़8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पिस्टल की जांच के दौरान गोली चलने से सिपाही घायल।
प्रतापगढ़ में बदमाशों से बरामद पिस्टल की जांच करते समय फायर हो जाने से सिपाही ओपी यादव घायल हो गए। जिनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। हालांकि गोली लगने से सूजन के कारण आपरेशन नहीं हो सका। इधर पकड़े गए दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
बरामद पिस्टल की जांच करते समय अचानक चली गोली
कंधई थाने की पुलिस दीवानगंज में वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर के पल्सर बाइक से दो युवक तेजी से आते दिखे। रोकने पर वह बचकर भागने लगे, तो पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया था। उनसे बरामद पिस्टल की जांच करते समय अचानक गोली चल जाने से सिपाही ओपी यादव घायल हो गया था। वह मेडिकल कालेज के राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में ही भर्ती है। रात में डिजिटल एक्स-रे कराया गया। रिपोर्ट में पैर में गोली फंसी मिली। संयोग रहा कि गोली हड्डी में नहीं लगी। चिकित्सकों ने देखा तो पैर में सूजन मिली। रात में एएसपी पूर्वी विद्यासागर मिश्र उसके बाद एसपी सतपाल अंतिल अस्पताल पहुंचे। सिपाही का हाल जाना और हौंसला बढ़ाया। एसओ कंधई से घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली।
वहीं पकड़े गए बदमाशों की पहचान नितिन तिवारी पुत्र हरिश्चंद्र रमगढ़ा व युवराज मिश्र पुत्र स्व. अजय मिश्र एलाही आसपुर देवसरा के रूप में की गई। वह बिना नंबर की बाइक से चल रहे थे। उन पर पहले से भी कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। घायल सिपाही के हालत में सुधार है।