उप्र उपचुनाव: घोसी सीट पर सपा का कब्जा बरकरार, भाजपा प्रत्याशी को 42,759 मतों से दी मात

दूसरी ओर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों – कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का समर्थन मिला है।

उत्तर प्रदेश के घोसी विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों के अंतर से पराजित कर दिया है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार सिंह को कुल 1,24,427 मत मिले हैं जबकि चौहान के पक्ष में 81,668 मतदाताओं ने मतदान किया। मतगणना के दौरान कुल 33 दौर की गिनती हुई। विशेष परिस्थिति के लिए आरक्षित 34वें चक्र की स्थिति नहीं आयी।
घोसी में कुल 10 उम्मीदवारों में पीस पार्टी के सनाउल्लाह को 2570 मत, जन अधिकार पार्टी के अफरोज आलम को 2100, निर्दलीय विनय कुमार को 1406, प्रवेन्द्र प्रताप सिंह को 1223, रमेश पांडेय को 839, जनता क्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) के मुन्नी लाल चौहान को 606, जन राज्य पार्टी के सुनील चौहान को 541 और आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) के राजकुमार चौहान को 466 मत मिले।

इसके अलावा घोसी के 1725 मतदाताओं ने ‘नोटा’ का विकल्प चुना।
उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होकर देर शाम तक चली, जिसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के बीच पहला बड़ा चुनावी मुकाबला माना जा रहा है।
घोसी में 1980 की शुरुआत में छात्र राजनीति से सक्रिय हुए 64 वर्षीय नवनिर्वाचित विधायक सुधाकर सिंह ने अपनी जीत का श्रेय जनता को दिया। सिंह ने कहा कि यह जीत जनता की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे जिताने में सभी दलों का सहयोग रहा है और इसके लिए सभी को बधाई दे रहा हूं। मुझे सभी दलों का समर्थन था। ’’उन्होंने घोसी की जनता के प्रति आभार जताया।

पत्रकारों ने जब दारा सिंह चौहान के बारे उनसे पूछा कि भाजपा के प्रत्याशी सुबह से नहीं दिखे तो उन्होंने कहा , दारा चौहान हमारे मित्र हैं, वाकओवर देकर चले गये।
यह पूछे जाने पर कि ओमप्रकाश राजभर (सुभासपा प्रमुख) का जादू नहीं चला तो सिंह ने तपाक से कहा ओमप्रकाश नेता हैं, उनका भी अंदर से हमको ही समर्थन था। उन्होंने भी हमारी मदद की है।
सुधाकर सिंह ने पहले 2012 से 2017 तक घोसी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इससे पहले, उन्होंने उन्होंने नत्थूपुर (परिसीमन के बाद मधुबन) विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।
सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को घोसी में पार्टी उम्मीदवार की भारी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘‘जीत का हमारा नया फार्मूला सफल साबित हुआ है।

यह भाजपा के अहंकार और घमंड को चकनाचूर करने वाला नतीजा है।’’
यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए जीत का श्रेय विपक्षी दलों के समूह इंडिया और अपने फार्मूले पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ इंडिया’- टीम है और पीडीए रणनीति : जीत का हमारा यह नया फार्मूला सफल साबित हुआ है।’’ यादव ने कहा कि ‘‘उत्तर प्रदेश एक बार फिर से देश में सत्ता परिवर्तन का अगुवा बनेगा। भारत ने इंडिया को जिताने की शुरुआत कर दी है,यह देश के भविष्य की जीत है।’’
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया, ‘‘प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जी की अपील को घोसी की जनता ने अपने दिल में जगह दी।

इस उपचुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की जीत इस बात का ऐलान करती है कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों और नफरत के बाजार से जनता परेशान हो चुकी है। तय मानिए! 2024 में उत्तर प्रदेश की जनता ने राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को विदा करने का मन बना लिया है।’’
सपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत सिंह चौधरी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा बड़ी जीत दर्ज कराकर इंडिया का हौसला बढ़ाने के लिए घोसी के मतदाताओं को धन्यवाद। घोसी से प्रत्याशी सुधाकर सिंह, सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई।
वहीं, भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि घोसी विधानसभा उप चुनाव का जो जनादेश मिला है, भाजपा उसका सम्मान करती है।

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा , ‘‘यह बात सत्य है कि जिस तरह के परिणाम की अपेक्षा हम लोगों को थी, राजनीतिक दृष्टि से उस तरह का परिणाम नहीं आया है।’’
चुनाव परिणाम को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा,‘‘मैं घोसी विधानसभा क्षेत्र के सभी सम्मानित मतदाताओं का और चुनाव में जिन लोगों की सहभागिता रही, उनका, पुलिस प्रशासन और आयोग सभी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने निष्पक्ष चुनाव कराने के अपने दायित्व का निर्वहन किया है।’’
सिंह ने ईवीएम को लेकर अक्सर विपक्षी दलों द्वारा उठाये जाने वाले सवालों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘ मैं विपक्ष के लोगों से पूछना चाहता हूं कि इस परिणाम के बाद क्या वे ईवीएम पर प्रश्न खड़ा करेंगे। क्या वे सरकारी मशीनरी, संवैधानिक संस्थाओं, निर्वाचन आयोग पर प्रश्न खड़ा करेंगे।’’

उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर कहा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह जी, संगठन महामंत्री श्री धर्मपाल सिंह जी एवं सभी कार्यकर्ताओं ने घोसी चुनाव में ज़बरदस्त परिश्रम किया, अभिनंदन करता हूँ।जनता का फ़ैसला स्वीकार, 2024 विजय की तैयारी में जुटने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूँ।
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र में 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मंगलवार (पांच सितंबर) को उपचुनाव के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के गठन के बाद राज्य में पहला चुनावी मुकाबला था।
पिछले साल के विधानसभा चुनाव में घोसी में 58.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, पांच सितंबर को विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 50.77 दर्ज किया गया था।

सपा के टिकट पर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह सीट जीतने वाले दारा सिंह चौहान के जुलाई में इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।
सपा से इस्तीफा देकर चौहान फिर भाजपा में लौट आए थे। भाजपा ने उन्हें उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन सपा ने उनके मुकाबले सुधाकर सिंह को मैदान में उतारा।
साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चौहान ने भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार राजभर को 22,216 मतों के अंतर से हराया था।

इस उपचुनाव में चौहान को राजग के सहयोगियों… अपना दल (सोनेलाल), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी और पूर्व सपा सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) का समर्थन मिला है।दूसरी ओर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों – कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का समर्थन मिला है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *