
ठंड से ठिठरे यात्री
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में सप्ताहभर से लुढ़क रहा न्यूनतम पारा रविवार को 3.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से छह डिग्री कम) दर्ज हुआ, जो हल्द्वानी, देहरादून और शिमला से भी कम रहा। इससे बीते आठ वर्षों का ठंड का रिकॉर्ड टूट गया। शनिवार/रविवार की रात सबसे सर्द रही। प्रदेश में पांचवीं बार शहर सबसे ठंडा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मई से ही चक्रवातों की आवाजाही से पहाड़ों से सटे मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा। मई से अक्तूबर तक 987 मिमी बारिश हुई जो वर्ष 2014 के बाद सर्वाधिक रही। नतीजा, भूगर्भ जलस्तर में सुधार हुआ। अब रात में विकिरणीय शीतलन (उत्सर्जन) यानी दिन की हल्की धूप से उठ रही भूमि की नमी, पहाड़ों की सर्द हवा के साथ मिलकर ठिठुरन की वजह बन रही है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है।
बरेली के बाद उत्तर प्रदेश के नियामतपुर में न्यूनतम तापमान 4.9, अयोध्या में 5.0, मुजफ्फरनगर 5.6, कानपुर के बर्रा में 5.7, फुरसतगंज में 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आगे भी तापमान में गिरावट के असार हैं।