
varanasi weather news
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
काशी में बीते दो दिन से मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को कंपा दिया है। रविवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। बर्फीली हवाओं ने लोगों को कंपा दिया। वहीं इस हाड कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग घरों में दुबके रहे। कुछ लोग अलाव के पास बैठे दिखे। वहीं कोहरे की चादर इतनी घनी रही कि 10 बजे तक वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
उधर, शनिवार को भी सुबह से घना कोहरा छाया रहा। दिन में तो धूप हुई, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। काशी में शनिवार का दिन शिमला से भी ठंडा रहा। आईएमडी की वेबसाइट पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार शिमला में अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 8.8 रहा तो काशी में अधिकतम 17.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 रिकार्ड किया गया।
जनवरी के दूसरे सप्ताह से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में पछुआ हवाएं चल रही हैं, रात में कोहरा छाने लगा है। पिछले चार दिन से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि औसत से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दो-तीन दिन तक मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
चार दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
10 जनवरी 23.0 12.5 डिग्री सेल्सियस
11 जनवरी 19.2 9.5 डिग्री सेल्सियस
12 जनवरी 18.2 7.6 डिग्री सेल्सियस
13 जनवरी 17.2 8.8 डिग्री सेल्सियस