Sikkim में आई बाढ़ में जान गंवाने वाले असम के जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सिक्किम में आई बाढ़ में जान गंवाने वाले असम के सैन्यकर्मी मितुल कालिता का अंतिम संस्कार रविवार शाम बक्सा जिले में उनके पैतृक स्थान पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, यह असम के लिए बड़ी क्षति है।

उसने अपने एक बहादुर सैन्यकर्मी मितुल कालिता को सिक्किम की बाढ़ में खो दिया। मितुल, बक्सा जिले के रहने वाले थे।
शर्मा ने कहा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे। मैं दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
कालिता भारतीय सेना के तकनीकी विभाग में तैनात थे।

वह बुधवार को अचानक आई बाढ़ में लापता हुए 23 सैनिकों में से एक थे।
लापता सैन्यकर्मियों में से एक को बाद में बचा लिया गया, लेकिन कालिता सहित नौ के शव अब तक बरामद किए जा चुके हैं।
कालिता (31) अलीपुरद्वार में कार्यरत थे और वह विभागीय आदेश पर सिक्किम गये थे।

राज्य के कैबिनेट मंत्री रंजीत कुमार दास और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य लोगों ने कालिता को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
इस बीच, सिक्किम में फंसे राज्य के छात्रों के रविवार देर रात असम पहुंचने की उम्मीद है।

राज्य सरकार ने हिमालयी राज्य में फंसे छात्रों को घर वापस लाने के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी।
जिन अधिकारियों को यह काम सौंपा गया उनमें से एक अधिकारी मेघ निधि दहल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 124 छात्रों को वापस लाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ये ज्यादातर छात्र अपने कॉलेज परिसर में ही थे। वे घर लौटना चाह रहे थे और हमने इसका प्रबंध कर दिया है।’’
उन्होंने कहा कि छात्रों को लाने वाली बसें रविवार रात को पश्चिम बंगाल सीमा से असम में प्रवेश करेंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *