Sanjay Gandhi Hospital के लाइसेंस निलंबन के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी

अमेठी स्थित संजय गांधी अस्पताल के लाइसेंस के निलंबन के खिलाफ कर्मचारियों और डॉक्टरों का धरना बृहस्पतिवार को भी जारी है जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर कांग्रेस का सत्याग्रह स्थगित कर दिया गया है।

क्षेत्रीय सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता की शिकायत पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

संजय गांधी चिकित्सालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने आज बताया कि अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं दोबारा शुरू होने तक कर्मचारियों और डॉक्टरों का धरना जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि अस्पताल बंद होने से अमेठी और आसपास के अन्य जिलों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस इसी महीने 17 सितंबर को दिव्या शुक्ला नामक महिला रोगी की मौत होने के बाद 18 सितंबर को निलंबित कर दिया गया था।

मृत महिला के पति ने दावा किया कि आपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की अधिक मात्रा दिए जाने से दिव्या की हालत बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई।
संजय गांधी अस्पताल का संचालन दिल्ली स्थित संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट करता है।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इस ट्रस्ट की अध्यक्ष हैं तथा पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा इसके सदस्य हैं।
कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने 25 सितंबर से सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया था, जो 27 सितंबर की शाम को कैंडल मार्च के साथ समाप्त हुआ।

लाइसेंस निलम्बन मामले पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय आगामी तीन अक्टूबर को सुनवाई करेगा। अदालत ने मरीज की मौत के मामले की जांच का विवरण मांगा है।

इस बीच, पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि भाजपा नेता केशव सिंह की शिकायत पर कांग्रेस नेता दीपक सिंह के खिलाफ क्षेत्रीय सांसद स्मृति ईरानी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में बुधवार को गौरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

एक अन्य घटनाक्रम में बिजली विभाग ने अमेठी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सीएमओ कार्यालय पर धरने में शामिल होने के लिए तीन कर्मचारियों मनोज मिश्रा, अनुज तिवारी और नवनीत शर्मा को बर्खास्त कर दिया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *