Mumbai Police के क्यूटीआर कर्मी ने लूटपाट के इरादे से की दो लोगों पर गोलीबारी

 ठाणे में दो लोगों पर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार मुंबई पुलिस के त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूटीआर) में तैनात कर्मी ने लूटपाट के इरादे से इस हमले को अंजाम दिया था और उस पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मैंडे गांव के निकट एक नकाबपोश व्यक्ति ने मोटरसाइकिल पर सवार रिश्ते के दो भाइयों- अजीज सैयद और फिरोज शेख को 13 अक्टूबर को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने बताया था कि इस मामले में मुंबई पुलिस की क्यूआरटी में तैनात सूरज देवराम डोकरे (37) को अहमदनगर जिले के कोल्हार बस डिपो के पास से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि डोकरे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जिला ग्रामीण पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोलीबारी का मकसद लूटपाट करना था।
विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपी ने विभिन्न बैंकों और ऋण देने वाली अन्य संस्थाओं से 40 से 42 लाख रुपये का कर्ज लिया था तथा चूंकि उसे कर्ज चुकाना था और उसे पैसे की जरूरत थी, इसलिए उसने लूटपाट करने की कोशिश की।

ऐसा पता चला है कि आरोपी पहले भी दो बार ठाणे के भिवंडी और अंबाडी गया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने पहले भी ऐसी किसी घटना को अंजाम दिया था।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस ने गोलीबारी के लिए आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *