MERRUT: शहर में घुसा तेंदुआ, दहशत में लोग, तलाश में जुटी वन विभाग की तीन टीमें

मेरठ में फिर से तेंदुए ने दस्तक दे दी है। शहर के टीपीनगर थानाक्षेत्र में तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। बताया गया कि तेंदुआ शहर की ओर गया है। ऐसे में तेंदुए के शहर में होने की जानकारी लगते ही लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने बच्चों को बाहर न निकलने की चेतावनी दी है। वहीं वन विभाग की टीम तेंदुए के पंजों के निशानों के आधार पर तलाश में जुट गई है। डीएफओ भी मौके पर पहुंचे हैं।

मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में शुक्रवार देर रात एक मकान के सीसीटीवी में एक तेंदुआ कैद हो गया। शनिवार सुबह मकान मालिक ने सीसीटीवी चेक किए। सीसीटीवी चेक करने के दौरान तेंदुआ देखकर युवक के होश उड़ गए। पुलिस व वन विभाग की टीम को सूचना देने पर अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस व वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए कबिंग कर रही है।

थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर के सीसीटीवी में तेंदुआ कैद होने के बाद लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। आलम यह है कि डर के मारे लोग घरों में दुबक कर बैठ गए हैं। शुक्रवार देर रात लगभग ढाई बजे ज्वाला नगर के एक मकान के सीसीटीवी में पहले कुछ कुत्ते भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

 

इसके बाद सीसीटीवी में एक तेंदुआ कुत्तों का पीछा करते हुए कैद हो गया। सुबह के समय मकान मालिक ने सीसीटीवी चेक किया। जिसमें तेंदुआ दिखाई देने की पुष्टि हुई। क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की खबर आग की तरह फैल गई।

 

क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर दौड़ी। जहां वन विभाग की टीम को एक खाली प्लॉट में तेंदुए के पंजों के निशान दिखाई दिए।

वन विभाग की टीम पंजों के निशान से तेंदुए की लोकेशन ढूंढने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासी तेंदुए को देखने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संभवत तेंदुआ जंगल के रास्ते से घनी आबादी में घुस आया है। तेंदुआ सीसीटीवी के आधार पर वयस्क लग रहा है। फिलहाल तेंदुए ने किसी भी जानवर का शिकार नहीं किया है। डीएफओ राजेश कुमार मौके पर मौजूद हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *