MCD Election 2022: मतदान से ठीक पहले केजरीवाल सरकार पर BJP का डबल अटैक

भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय से पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा तो वहीं दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल सरकार पर हमला किया।

दिल्ली नगर निगम के लिए रविवार को मतदान कराया जायेगा। राजनीतिक दल प्रचार खत्म होने के बाद अब बैठकें कर अपने पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान करवाने की रणनीति बनाने में लगे हैं तो वहीं दिल्ली पुलिस ने चुनाव को सुगम तरीके से कराने के लिए पूरे प्रबंध कर लिये हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में चुनाव के लिए करीब 40,000 पुलिसकर्मी, 20,000 होमगार्ड और अर्द्धसैनिक तथा राज्य सशस्त्र पुलिस बलों की 108 कंपनी को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 60 ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। एमसीडी के 250 वार्ड के चुनाव के लिए पुलिस का ध्यान मुख्यत: सांप्रदायिक तनाव की आशंका को रोकने तथा उम्मीदवारों को अवैध तरीकों से मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करने से रोकने पर होगा।

इस बीच, मतदान से ठीक पहले भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी पर आज डबल हमला किया। भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय से पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा तो वहीं दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल सरकार पर हमला किया। संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल झूठ को सच बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया को क्लीन चिट मिल गयी है लेकिन एक्साइज पॉलिसी में घोटाला हुआ है इसलिए ये बचने वाले नहीं हैं।

इसे भी पढ़ें: MCD चुनाव से पहले 900 करोड़ के स्कैम का बड़ा खुलासा, 2 लाख फर्जी रजिस्ट्रेशन, 65000 मोबाइल नंबर सेम, क्या है दिल्ली का मजदूर घोटाला?

उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया से लेकर कई आरोपियों ने इस मामले में दर्जनों बार मोबाइल बदले हैं। उन्होंने कहा कि इस बात से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि क्या आम आदमी इतना जल्दी जल्दी मोबाइल बदलता है? संबित पात्रा ने कहा कि सिसोदिया का एक्साइज पॉलिसी घोटाले में बहुत बड़ा हाथ है, जांच चल रही है, कोई भी उन्हें बचा नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल चाहे कितना भी झूठ को सच बनाने की कोशिश करें, मनीष सिसोदिया एक्साइज पॉलिसी घोटाले में बचने वाले नहीं हैं, क्योंकि इन्होंने भ्रष्टाचार किया है।

वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली सरकार घोटालों की सरकार है। उन्होंने कहा कि एक मजदूर के नाम पर 25 लोगों को नौकरी दी गई और एक मोबाइल नंबर पर 6 आवेदन पत्र भरवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर कामगार कल्याण बोर्ड के नाम पर जो हजारों करोड़ पैसा जमा हुआ वह अरविंद केजरीवाल और उनके दोस्त लूट कर खा गए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह दिल्ली का लालू मॉडल है। जितने भी आंकड़े सामने आए हैं उससे पता चला है कि फर्जी पते, मोबाइल नंबर, नाम पाए गए। उन्होंने पूछा कि यह पैसा किसकी जेब में गया? अगर मजदूर, काम देने वाला, उनके पते, मोबाईल नंबर सब नकली थे तो पैसा किसने खाया केजरीवाल जी?

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *