Hathras News: बस को डंपर ने मारी टक्कर, अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे 12 भाजपाई घायल, चार की हालत गंभीर

Dumper hits bus, 12 BJP workers injured

सड़क दुर्घटना
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


अयोध्या से रामलला के दर्शन कराकर लौट रही भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस को 14 फरवरी सुबह लगभग तीन से चार बजे के मध्य आगरा के निकट खंदौली मोड़ पर उतरते समय एक डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार 12 भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। इन सभी का आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। टक्कर लगने से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हाथरस जिले से दो दिन पहले रामलला के दर्शन करने भाजपा कार्यकर्ता अयोध्या गए थे। 13 फरवरी की शाम सभी कार्यकर्ता बसों से वापस आ रहे थे। कुरसंडा मंडल की एक बस 14 फरवरी की सुबह लगभग तीन एवं चार बजे के मध्य जब राष्ट्रीय राजमार्ग से खंदौली मोड़ पर नीचे उतर रही थी तो उसी समय पीछे एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। पीछे से मुरसान मंडल की बस भी उसी समय मौके पर आ गई। इसमें सवार कार्यकर्ताओं ने कुरसंडा मंडल की बस में फंसे भाजपाइयों को बाहर निकाला और इलाज के लिए आगरा भिजवाया।

घायलों में महेशचंद्र निवासी ताजपुर बिसावर, दलवीर सिंह कुरसंडा, अमर सिंह नगला मोहन-कुरसंडा, राजेंद्र सिंह नगला मोहन कुरसंडा की हालत काफी गंभीर है। अन्य घायलों में गांव मई निवासी जमुना प्रसाद, राजनलाल, रामहेत, अजय कुमार, मई नगरिया निवासी दिगंबर सिंह, नगला चांद निवासी जगवीर सिंह, मोहन सिंह, दगसह निवासी नरेश चौधरी के साथ अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। 

जब हादसा हुआ तो उसके तुरंत बाद मुरसान मंडल की बस उस बस के पीछे आ पहुंची। बस में सवार मुरसान मंडल के भाजपा अध्यक्ष हंबीर सिंह, भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी चंद्रवीर सिंह, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुरेश प्रजापति, रामगोपाल फुसकरा सहित अन्य लोगों ने घायलों को बस से निकालकर उपचार के लिए भेजा। यदि उनकी बस समय पर वहां नहीं पहुंचती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। 

भाजपा के कुरसंडा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकरे पहले घटनास्थल पर, फिर घायलों का हालचाल जानने चिकित्सालय पहुंच गए। इसके बाद उस बस में यात्रा कर रहे सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के निवास पर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पहुंचाई। जो कार्यकर्ता मामूली रूप से जख्मी थे, उनको दवा दिलवाई गई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *