Delhi MCD Election 2022 Voting LIVE: कड़ी सुरक्षा के साथ मतदान जारी

Delhi MCD Election 2022 Voting LIVE: दिल्ली में आज 250 नगर पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान सुबह आठ बजे से जारी है। 709 महिलाओं सहित 1,349 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतदाता कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी 250 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, लेकिन कांग्रेस ने 247 वार्डों में ही अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दिल्ली एमसीडी चुनाव परिणाम 7 दिसंबर को घोषित किया जाएगा। दिल्ली एमसीडी चुनाव 2022 के सभी अपडेट के लिए News24Online.Com पर बने रहें।

LIVE Updates…

  • दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि नगर निगम चुनाव में डेढ़ करोड़ लोग वोट डालने जा रहे हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे इस बात को ध्यान में रखें कि शहर को साफ रखना एमसीडी की प्राथमिकता है। बीजेपी ने 15 साल से दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया, वह लोगों के लिए काम करने में बुरी तरह विफल रही है।
  • कांग्रेस नेता अजय माकन वोट डालने के लिए राजौरी गार्डन के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों को उम्मीदवारों को देखना चाहिए और उसी हिसाब से वोट देना चाहिए। कांग्रेस के उम्मीदवार अच्छे हैं और लोगों को उस उम्मीदवार को वोट देना चाहिए जो चुनाव के बाद उनके लिए उपलब्ध होगा।

त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

निकाय चुनावों में 1.45 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के लिए तैयार हैं। चुनाव में भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सांसदों ने जमकर चुनाव प्रचार किया। भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेताओं और पार्टी शासित राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ 200 से अधिक जनसभाएं और रोड शो किए।

राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,358 है जिसमें 78,93,418 पुरुष, 66,10,879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर हैं। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव के लिए 13,638 मतदान केंद्र बनाए हैं।

68 आदर्श और 68 पिंक मतदान केंद्र बनाए

राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में 13,638 मतदान केंद्रों पर चुनाव कराने के लिए आवश्यक तैयारी की है। इसके अलावा, मतदाताओं के गुणवत्तापूर्ण अनुभव के लिए 68 आदर्श मतदान केंद्र और 68 गुलाबी मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

2007 से सत्ता में है भाजपा

भाजपा 2007 से दिल्ली में नागरिक निकाय पर शासन कर रही है और ये पार्टी अपनी जीत की लय को बनाए रखना चाहती है, जबकि आम आदमी पार्टी, जिसके पास विधानसभा में बहुमत है, राजधानी में होने वाले पहले नगरपालिका चुनाव में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है।

अब दिल्ली में सिर्फ एक मेयर

दिल्ली में पहले 272 वार्ड और तीन नगर निगम (NDMC, SDMC और EDMC) थे। इसी साल मई में तीनों निगमों का एकीकरण हो गया, जिसके बाद दिल्ली में अब एक ही मेयर होगा। इसके साथ ही वार्डों की संख्या 272 से घटाकर 250 कर दी गई है। बता दें कि दुनिया के सबसे बड़े निगमों में शामिल MCD की स्थापना 1958 में हुई थी। 2021 में MCD को तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान तीन भागों में बांट दिया गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *