रोम/इस्लामाबाद9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
![महिला बॉक्सर के पैसे चुराकर भागने वाले बॉक्सर जोहेब रशीद का अब तक पता नहीं चल सका है। (फाइल) - Dainik Bhaskar](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/03/05/1_1709643474.jpg)
महिला बॉक्सर के पैसे चुराकर भागने वाले बॉक्सर जोहेब रशीद का अब तक पता नहीं चल सका है। (फाइल)
इटली में ओलिंपिक क्वॉलिफाइंग राउंड में हिस्सा लेने गई पाकिस्तानी टीम का एक बॉक्सर टीम की ही एक महिला बॉक्सर का पर्स चुराकर भाग गया। आरोपी का नाम जोहेब रशीद है। पाकिस्तानी एंबैसी को मामले की जानकारी दी गई है। उसके फेडरेशन ने इस हरकत को शर्मनाक बताया है। इटली पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी अब तक फरार है।
क्या है मामला
- न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ की रिपोर्ट के मुताबिक- इटली में ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइंग राउंड चल रहे हैं। पाकिस्तान अमैच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन ने भी अपनी टीम यहां भेजी है। इसी स्क्वॉड में जोहेब रशीद भी शामिल है। रशीद 2023 की एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है।
- इटली में हुई घटना की पुष्टि पाकिस्तान के नेशनल बॉक्सिंग फेडरेशन के सेक्रेटरी नासिर अहमद ने की है। नासिर ने कहा- इस घटना से हम बेहद शर्मसार हैं। यह न सिर्फ फेडरेशन बल्कि देश के लिए भी बहुत शर्मनाक बात है। हमने खुद इटली पुलिस के पास केस दर्ज कराया है।
- नासिर ने कहा- घटना दो दिन पहले की है। जिस होटल जोहेब ठहरा था, उसी होटल में महिला बॉक्सर लाउरा खान भी रुकी हुईं थीं। लाउरा ट्रेनिंग के लिए स्टेडियम गईं थीं। इसी दौरान जोहेब ने रिसेप्शन से किसी बहाने लाउरा के रूम की चाबी ली। इसके बाद उसके रूम में मौजूद तमाम फॉरेन करंसी बटोरी और इसके बाद फरार हो गया।
![रशीद 2023 की एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। उसकी यह तस्वीर जियो न्यूज उर्दू ने जारी की है।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/03/05/2_1709643361.jpg)
रशीद 2023 की एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। उसकी यह तस्वीर जियो न्यूज उर्दू ने जारी की है।
एंबैसी भी करेगी जांच
- फेडरेशन ने इस मामले की जानकारी सबसे पहले इटली में मौजूद पाकिस्तान की एंबैसी को दी। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट की। पुलिस ने कहा है कि वो मामले की जांच कर रही है। अब तक आरोपी जोहेब के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
- जोहेब को पाकिस्तान में बॉक्सिंग का उभरता सितारा कहा जाता है। हालांकि, ये पहला मौका नहीं है, जब बतौर मुल्क पाकिस्तान को इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर शर्मसार होना पड़ा हो। 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान दो पाकिस्तानी बॉक्सर गायब हो गए थे। हालांकि, इसके चंद घंटे बाद उन्हें इस्लामाबाद की फ्लाइट पकड़नी थी। इसके पहले भी पाकिस्तानी खिलाड़ी इस तरह की हरकतें कर चुके हैं।
- कहा जाता है कि पाकिस्तान में खराब हालात के चलते प्लेयर्स और आम लोग दूसरे देशों और खासकर यूरोपीय देश में सैटल होना चाहते हैं। वहां शरण पाने के लिए वो कई तरह के गैरकानूनी रास्ते खोजते हैं।
![2023 में PIA के कुल 7 क्रू मेंबर होटल से लापता हुए थे। इनमें चार एयर होस्टेस थीं। इनके बारे में आगे कोई जानकारी नहीं दी गई। (प्रतीकात्मक)](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/03/05/4_1709643442.jpg)
2023 में PIA के कुल 7 क्रू मेंबर होटल से लापता हुए थे। इनमें चार एयर होस्टेस थीं। इनके बारे में आगे कोई जानकारी नहीं दी गई। (प्रतीकात्मक)
एयर होस्टेस लापता
- पिछले हफ्ते पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की एयर होस्टेस मरियम रजा कनाडा में लापता हो गई थी। इसके पहले भी कई क्रू मेंबर इसी तरह गायब हो चुके हैं।
- 2024 में कनाडा जाकर गायब होने वाली मरियम PIA की दूसरी कर्मचारी हैं। इसके पहले एक मेल क्रू मेंबर जनवरी में गायब हो गया था। अब तक इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। इसकी पुष्टि खुद PIA ने भी की है। अफसरों का कहना है कि कनाडा में पहले शरण और बाद में नागरिकता हासिल करना बाकी पश्चिमी देशों की तुलना में काफी आसान है। यही वजह है कि उनका स्टाफ इस तरह के काम करता है।
- 2023 में PIA के कुल 7 क्रू मेंबर इसी तरह होटल से लापता हुए थे। इनमें चार एयर होस्टेस थीं। PIA की तरफ से कनाडा की सरकार को पिछले साल एक ऑफिशियल लेटर भी लिखा गया था। इसमें कहा गया था कि गैर कानूनी तरीके से कनाडा में शरण मांगने वाले उसके स्टाफ को यह सहूलियत न दी जाए। हालांकि कनाडा ने इसका कोई जवाब नहीं दिया था।
- सितंबर 2020 में खुद पाकिस्तान सरकार ने संसद में बताया था कि देश के 40% पायलट्स के पास फर्जी डिग्रियां और लाइसेंस हैं। इसी साल अक्टूबर में मलेशिया ने लीज रेंट न चुकाने पर पैसेंजर्स से भरा प्लेन जब्त कर लिया। अब कनाडा में एयर होस्टेस गायब हो रही हैं।
- 2019 में PIA की एक फ्लाइट फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंची। इस फ्लाइट की एयरहोस्टेस अचानक लापता हो गई। एयरलाइंस ने पेरिस के अफसरों को इसकी जानकारी दी। इस एयर होस्टेस का नाम शाजिया मसूद था।
- PIA के मुताबिक, शाजिया उस वक्त लापता हुई, जब पेरिस-लाहौर फ्लाइट टेकऑफ करने वाली थी। इस दौरान न सिर्फ फ्लाइट काफी लेट हुई, बल्कि पैसेंजर ने भी हंगामा किया। बाद में कहा गया कि शाजिया ने यूरोप के किसी देश में शरण ले ली है। 2017 में शाजिया की बहन जाहिदा ने भी इसी तरह बेल्जियम में गायब होकर वहां शरण ली थी।
खबरें और भी हैं…