हाइलाइट्स
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस हरियाणा के 10 लोकसभा सीटों पर एकसाथ चुनाव लड़ेगी.
हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी.
चंडीगढ़ः लोकसभा चुनाव से पहले सीटों को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में चल रही रार शनिवार को यानी कि 24 जनवरी को थम गई. संयुक्त प्रेस वार्ता करते हुए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन का ऐलान किया. इस नए गठबंधन के तहत हरियाणा के 10 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस 9 सीट पर जबकि आम आदमी पार्टी 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी. वहीं चंडीगढ़ की 1 सीट कांग्रेस के खाते में आई है.
कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने प्रेस वार्ता में बताया कि आम आदमी पार्टी हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी. बाकी अंबाला, करनाल, सोनीपत, रोहतक, सिरसा, फरीदाबाद, गुड़गांव, भिवानी-महेंद्रगढ़ और हिसार लोकसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी.
इंडिया गठबंधन के साझीदार आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली, हरियाणा, गोवा और गुजरात में अपने सीट-बंटवारे समझौते को अंतिम रूप दे दिया है. एक संयुक्त बयान में दोनों पार्टियों ने कहा कि उन्होंने आपसी सहमति से पंजाब में एक साथ चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक के अनुसार, दिल्ली में आप चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.
वासनिक ने कहा, “आप नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली सीटों से चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीटों से चुनाव लड़ेंगे.” गुजरात में कांग्रेस 26 लोकसभा सीटों में से 24 पर चुनाव लड़ेगी, जबकि AAP 2 सीटों – भरूच और भावनगर- पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. गोवा में कांग्रेस दोनों लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.
.
Tags: 2024 Lok Sabha Elections, Aam aadmi party, Congress
FIRST PUBLISHED : February 24, 2024, 11:53 IST