Bihar में हुए राजनीतिक उठा पटक के बाद तेजस्वी यादव का आया बयान, कहा- खेला अभी बाकी है

बिहार में रविवार को हुई राजनीतिक उथल-पुथल पर अब राजद नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का भी बयान आ गया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि नीतीश कुमार पहले भी आदरणीय थे और आज भी आदरणीय है। उन्होंने कहा कि उनके 45 विधायक है, ऐसे में हम क्रेडिट क्यों नहीं लेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि यही नीतीश कुमार पहले कहा करते थे कि नौकरी देना संभव नहीं है। हम ही राज्य में स्पोर्ट्स पॉलिसी लेकर आए और 70 दिन के अंदर ही 2 लाख से अधिक नौकरियां युवाओं को दी। महज 17 महीने की सरकार में ही जेडीयू और नीतीश कुमार से राज्य में बहुत काम करवाया मगर यह एक थके हुए मुख्यमंत्री है। तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी खेल शुरू हुआ है। खेल अभी बाकी है। 2024 में जदयू खत्म हो जाएगी। राजद ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, चिकित्सा में, रोजगार, पॉलिसी लाना जैसे कई काम किए है।

राजद ही थी जिसने रात में घूम घूम कर काम किया है। भले ही आज नीतीश कुमार और जदयू के लोग शपथ लें मगर यह कुर्सी पर कितने दिन काबिज रहेंगे यह कोई नहीं कह सकता। तेजस्वी यादव ने कहा कि डिप्टी सीएम रहते हुए मैंने और राजद के मंत्रियों ने बहुत काम किया है। कैबिनेट में लाख नौकरियां की फाइल को रोका गया है। हमारी सरकार नहीं ईमानदारी से काम किया है लेकिन अभी खेला बाकी है। भाजपा नेताओं के बयान पर तेजस्वी यादव ने कहा कि दूसरों की टिप्पणी पर क्या ही कहा जाए। इसका जवाब जनता देगी। मंच से नीतीश कुमार हमारे साथ काम गिनवाते थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस वीजन के साथ आए थे उसी विजन के साथ दोबारा जनता के बीच जाएंगे।

नीतीश ने दिया इस्तीफा

जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्हें ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) और ‘महागठबंधन’ में ‘‘स्थिति ठीक नहीं लग रही थी’’ इसलिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ नया गठबंधन और नई सरकार बनाने का निर्णय लिया। नीतीश 18 महीने पहले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को छोड़कर महागठबंधन में शामिल हुए थे। कुमार के शाम तक नयी सरकार का गठन करने की संभावना है। 

उन्होंने राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद यहां पत्रकारों से कहा,‘‘मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। अभी तक जो सरकार थी वह अब समाप्त हो गई है।’’ उन्होंने कहा कि वह ‘‘महागठबंधन’’ से अलग होकर नया गठबंधन बनाएंगे। यह पूछे जाने पर कि उन्होंने यह फैसला क्यों किया, नीतीश ने कहा, ‘‘अपनी पार्टी के लोगों से मिल रही राय के अनुसार मैंने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने पूर्व के गठबंधन (राजग) को छोड़कर नया गठबंधन बनाया था लेकिन इसमें स्थितियां ठीक नहीं लगी। ’’

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *