गुजरातकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

रविवार रात 69वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की अनाउंसमेंट हुई। एनिमल में निभाए किरदार के लिए रणबीर कपूर को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला। जबकि आलिया भट्ट को रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया। 12th फेल को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला। साथ ही विधु विनोद चोपड़ा को 12th फेल के लिए ही बेस्ट डायरेक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। शबाना आजमी को रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है।
12th फेल को बेस्ट स्क्रीनप्ले का भी अवॉर्ड मिला। वहीं OMG-2 को बेस्ट स्टोरी का अवॉर्ड दिया गया। इशिता मोइत्रा को रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए बेस्ट डायलॉग का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।
इसके अलावा शिल्पा राव को पठान के गाने बेशरम रंग के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला। एनिमल का गाना अर्जन वैली गाने वाले भूपेंद्र बब्बल को बेस्ट प्लेबैक सिंगर मेल का अवॉर्ड मिला। सिनेमा में योगदान के लिए डायरेक्टर डेविड धवन को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। यह अवॉर्ड सेरेमनी गांधीनगर (गुजरात) के गिफ्ट सिटी में आयोजित हुई।
- बेस्ट फिल्म- 12th फेल
- बेस्ट एक्टर- रणबीर कपूर
- बेस्ट एक्ट्रेस– आलिया भट्ट (रॉकी और रानी की प्रेम कहानी)
- बेस्ट डायरेक्टर- विधु विनोद चोपड़ा (12th फेल)
- लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड- डेविड धवन (डायरेक्टर)
- बेस्ट डेब्यू एक्टर (मेल)– आदित्य रावल (फराज)
- बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस (फीमेल)– अलीजेह अग्निहोत्री (फर्रे)
- बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर– तरूण डुडेजा (फिल्म- धक-धक)
- बेस्ट एक्ट्रेस इन सपोर्टिंग रोल- शबाना आजमी (रॉकी और रानी की प्रेम कहानी)
- बेस्ट एक्ट्रेस क्रिटिक्स- रानी मुखर्जी (मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे वर्सेज) और शेफाली शाह (थ्री ऑफ अस)
- बेस्ट एक्टर क्रिटिक्स- विक्रांत मैसी (12th फेल)
- बेस्ट फिल्म क्रिटिक्स– जोरम
इस लिस्ट पर भी नजर डालिए

फिल्मफेयर नाइट्स में क्या-क्या हुआ. यहां देखिए

रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट के साथ एनिमल के गाने पर डांस किया।

रणबीर कपूर ने डांस करते-करते आलिया को किस कर लिया।

रणबीर कपूर ने तू झूठी मैं मक्कार के गानों पर जमकर डांस किया।

आलिया भट्ट ने होस्ट आयुष्मान खुराना के साथ डांस किया।

आलिया भट्ट को इस साल भी बेस्ट एक्ट्रेस के अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्हें पिछले साल भी गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था।

वरुण धवन और करिश्मा कपूर ने साथ में परफॉर्म किया।

सलमान खान की भांजी (बीच) अलीजेह को उनकी फिल्म फर्रे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस (डेब्यू) का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।

डांस परफॉर्मेंस के बाद करीना कपूर रेड कार्पेट पर भी नजर आईं।

भूपेंद्र बब्बल (बाएं) को एनिमल के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने अपने हाथ से अवॉर्ड दिया।

अवॉर्ड डिस्ट्रीब्यूशन के बीच में सारा अली खान का भी परफॉर्मेंस देखने को मिला।

फिल्म ‘जरा हट के जरा बचके’ के गाने तेरे वास्ते के लिए अमिताभ भट्टाचार्य को बेस्ट लिरिक्स का अवॉर्ड मिला।

इशिता मोइत्रा (बाएं) को रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए बेस्ट डायलॉग का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।

अभी कुछ देर पहले करीना कपूर खान का भी डांस परफॉर्मेंस हुआ है। गुजरात के पारंपरिक परिधान में उन्हें डांस करते देखा गया।

जान्हवी कपूर ने भी फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में शिरकत किया।

जान्हवी कपूर ने एनिमल के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा को नमस्ते किया और उनसे हाथ मिलाया।

बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीतने वाले रणबीर कपूर भी अवॉर्ड शो डैशिंग अंदाज में पहुंचे थे।

90s के दशक की खूबसूरत अदाकारा करिश्मा कपूर भी शामिल हुईं।

एनिमल से फेमस हुईं एक्ट्रेस तृप्ती डिमरी भी अवॉर्ड शो में पहुंची थीं।

12th फेल की स्टारकास्ट भी इवेंट में शामिल हुई। 12th फेल को कुल चार फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले।

गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल भी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।


सारा अली खान ने खास अंदाज में मीडिया वालों का अभिवादन किया।

करण जौहर ने शो को होस्ट किया।

करण जौहर का साथ मनीष पॉल भी को-होस्ट के तौर पर मौजूद थे।

टेक्निकल अवॉर्ड्स की अनाउंसमेंट पहले ही हो गई थी। शाहरुख खान की फिल्म जवान को बेस्ट एक्शन की कैटेगरी में अवॉर्ड मिला। रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के गाने व्हॉट झुमका के लिए गणेश आचार्य को बेस्ट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड दिया गया। टेक्निकल अवॉर्ड्स की कैटेगरी में सैम बहादुर को सबसे ज्यादा तीन, जबकि एनिमल को दो अवॉर्ड्स मिले।
टेक्निकल अवॉर्ड्स विनर्स के नामों पर एक नजर..

इन फिल्मों को मिला था नॉमिनेशन
12th फेल

विक्रांत मैसी ने फिल्म में IPS मनोज शर्मा का किरदार निभाया है।
विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म 12th फेल 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज हुई थी। विक्रांत मैसी ने फिल्म में लीड रोल निभाया है। यह फिल्म राइटर अनुराग पाठक की बुक ’12th फेल’ पर बेस्ड है। विधु विनोद चोपड़ा की ये फिल्म वैसे तो आईपीएस मनोज कुमार शर्मा की असल जिंदगी से इंस्पायर्ड है, लेकिन इसमें देश के हर गांव और छोटे शहरों के युवाओं की कहानी है
एनिमल

फिल्म में काफी ज्यादा वॉयलेंस दिखाया गया है। एक चॉकलेटी बॉय की इमेज वाले रणबीर ने फिल्म में इंटेंस एक्शन किया है। साउथ के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म का डायरेक्शन किया है। इससे पहले उन्होंने शाहिद कपूर स्टारर फिल्म कबीर सिंह का निर्देशन किया था।
संदीप रेड्डी वांगा के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने 850 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। फिल्म में रणबीर कपूर का नेवरसीन एक्शन अवतार देखने को मिला था।
जवान

2023 का साल शाहरुख के लिए ऐतिहासिक रहा। पठान के बाद जवान ने भी कमाई के कई रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए थे। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था।
साउथ के डायरेक्टर एटली निर्देशित यह फिल्म 7 सितंबर को रिलीज हुई है। इस फिल्म में शाहरुख, विजय सेतुपति और नयनतारा लीड रोल में थे। वहीं, दीपिका का फिल्म में कैमियो था। इनके अलावा सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर, प्रियामणी, रिद्धी डोगरा, संजीता भट्टाचार्य ने भी अहम भूमिका निभाई है।
फिल्म में किसान, स्वास्थ्य व्यवस्था, पर्यावरण को नुकसान व बढ़ते पूंजीवाद को निशाना बनाया गया है। कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की कमी, बड़े कारोबारियों को आसान कर्ज जैसे मुद्दे देश में सभी को जोड़ते दिखे। फिल्म में शाहरुख खान डबल रोल में नजर आए।
पठान

पठान के गाने बेशरम रंग पर बवाल जरूर हुआ, लेकिन इससे इसकी परफॉर्मेंस पर कोई असर नहीं पड़ा था। फिल्म ने कमाई के मामले में बाहुबली-2 का (500 करोड़) रिकॉर्ड तोड़ा था।
25 जनवरी 2023 को रिलीज पठान ने शाहरुख खान का शानदार कमबैक कराया। फिल्म ने सिर्फ हिंदी में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन किया। हालांकि फिल्म को लेकर कुछ विवाद भी हुए। फिल्म के गाने बेशरम रंग को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी।
OMG-2

OMG-2 को लेकर भी विवाद देखने को मिला था। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दे दिया था। हालांकि फिल्म के मेकर्स चाहते थे कि फिल्म को UA सर्टिफिकेट मिले।
11 अगस्त 2023 को रिलीज यह फिल्म सेक्स एजुकेशन जैसे गंभीर विषय पर बनी है। फिल्म को देखने के बाद आप बहुत कुछ सोचने पर मजबूर हो जाएंगे। कुछ बातें हमारे दिल और दिमाग में चलती तो हैं, लेकिन वो सारी चीजें हम दुनिया के सामने कह नहीं पाते। अक्षय कुमार शिव के दूत बने हैं। जबकि पंकज त्रिपाठी भक्त की भूमिका में हैं।
रॉकी और रानी की प्रेम कहानी

गली बॉय के बाद रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी ने दर्शकों को फिर से प्रभावित किया था।
फिल्म में रणवीर सिंह का कैरेक्टर है रॉकी रंधावा और आलिया ने रानी का कैरेक्टर निभाया है। फिल्म ने 150 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। फिल्म के गाने काफी हिट हुए थे। करण जौहर ने इस फिल्म के जरिए काफी वक्त बाद डायरेक्शन में वापसी की थी।
बेस्ट एक्टर के लिए कौन-कौन लोग नॉमिनेट थे?
बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में रणबीर कपूर, शाहरुख खान, रणवीर सिंह, सनी देओल और विक्की कौशल को नॉमिनेट किया गया था। वहीं बेस्ट एक्ट्रेस में दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, भूमि पेडनेकर, कियारा आडवाणी, रानी मुखर्जी और तापसी पन्नू को नॉमिनेशन मिला था।

बेस्ट एक्ट्रेस के लिए इन एक्ट्रेसेस को मिला था नॉमिनेशन

1954 में हुई थी फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की शुरुआत
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की शुरुआत 1954 में हुई थी। इस अवॉर्ड सेरेमनी का हर साल आयोजन होता है। पहली बार फिल्म ‘दो बीघा जमीन’ को इस अवॉर्ड से नवाजा गया था। अभी तक के रिकॉर्ड पर नजर डाले तो रणवीर सिंह की फिल्म ‘गली बॉय’ को सबसे ज्यादा 13 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले हैं।
वहीं सबसे ज्यादा नॉमिनेशन शाहरुख खान की फिल्म कभी अलविदा न कहना ( 23 नॉमिनेशन) और आमिर खान की रंग दे बंसती को ( 21 नॉमिनेशन) मिले हैं। सबसे ज्यादा अवॉर्ड (21 बार) लेखक और डायरेक्टर गुलजार को मिले हैं।

फिल्मफेयर अवॉर्ड में जो ट्रॉफी दी जाती है उसे ब्लैक लेडी कहते हैं।