आगराएक मिनट पहले
- कॉपी लिंक

न्यू आगरा में बदमाश ने घर में घुसकर महिला के गले से चेन तोड़ ली।
आगरा के पॉश इलाके लॉयर्स कॉलोनी में बदमाश ने दुस्साहसी वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाडे़ बदमाश घर के अंदर गमलों में पानी दे रही महिला के गले से चेन तोड़कर भाग निकला। ये पूरी घटना घर में लगे CCTV में कैद हो गई। वीडियो फुटेज में नजर आ रहे बदमाश को पुलिस तलाश कर रही है।
एड्रेस पूछने के बहाने घर के अंदर आया था बदमाश
घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है। अनिल कुमार लॉयर्स कॉलोनी न्यू आगरा में रहते हैं। वो सेंट जोंस चौराहे पर बृजवासी स्वीट दुकान चलाते हैं। उनकी पत्नी रीता सुबह अपने घर के बरामद में रखे गमलों में पानी डाल रही थीं। उनके घर का मेन गेट खुला था।
तभी उनके पास एक युवक एड्रेस पूछने के बहाने अंदर आता है। रीता को खतरे का अंदेशा होता है। वो लड़के से कहती है कि मुझे कुछ नहीं पता, तुम बाहर जाओ। मगर, वो बाहर नहीं जाता है। रीता उसके इरादे भांप लेती हैं। वो पीछे हटती हैं। मगर, बदमाश उनकी ओर बढ़ता है। रीता उससे बचने के लिए वाइपर उठाती हैं। इसी बीच वो रीता पर झपट पड़ता है और उनके गले से सोने की चेन तोड़कर फुर्ती से बाहर निकलता है।
बाइक लेकर तैयार था साथी
बदमाश का एक साथी बाहर बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। चेन लूटने वाला बदमाश बाइक पर बैठता है। दोनों बदमाश बाइक लेकर फुर्र हो जाते हैं। महिला ने बाहर निकलकर शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले थे। घटना के बाद महिला डर गई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आठ नवंबर को भी इलाके में चेन स्नेचिंग हुई थी। पॉश कालोनी होने के बाद भी पुलिस की गश्त नहीं है। वहीं पुलिस अब बदमाशों के अपने रिकॉर्ड से CCTV में नजर आए, बदमाश का चेहरा मिलान कर रही है।