हाथरस33 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हाथरस क्षेत्र के कस्बा मेंडू में दहेज न मिलने पर ससुरालीजनों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के कस्बा मेंडू के सुभाष नगर मोहल्ला निवासी विकास उर्फ विक्की की शादी 4 साल पहले 22 वर्षीय खुशबू पुत्री रामबाबू निवासी मऊ का नगला थाना नरौरा जिला बुलंदशहर के साथ हुई थी।
मायके पक्ष के लोगों को भी सूचित किया
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर खुशबू को प्रताड़ित करने लगे। इसकी शिकायत कई बार खुशबू ने अपने परिवार के लोगों से भी की। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और अन्य ससुराल के लोगों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। कुछ लोगों ने इसकी सूचना हाथरस जंक्शन थाना पुलिस को दी। फिर मायके पक्ष के लोगों को भी सूचित किया।
मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे घटनास्थल पर
सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी आ गए। हाथरस जंक्शन कोतवाली पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुशबू ने डेढ़ माह की बच्ची को बिलखते हुए छोड़ा है। इस मामले में कोतवाली निरीक्षक हाथरस जंक्शन का कहना है कि इस मामले में तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।