सच्चिदानंद/पटना. बिहार में इस बार नवंबर से हीं ठंड सताने वाली है. इस बार नवंबर में ही लोगों को कनकनी का सितम झेलना पड़ेगा. बिहार के अमूमन सभी जिलों के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. दिन का मौसम भले ही सामान्य रह रहा है, लेकिन सुबह और शाम लोगों को कनकनी का एहसास होने लगेगा. यह आलम पूरे बिहार में देखने को मिलने लगेगी.
राजधानी में सुबह का तापमान 24°C के आस-पास रहेगा. वहीं दोपहर यह तापमान 32°C रहने का पूर्वानुमान है. रात होते ही तापमान में गिरावट आना शुरू हो जाएगा और 19°C तक पहुंच जाएगा. इसके साथ हीं राजधानी में 8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेगी. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वरिष्ठ वैज्ञानिक आशीष कुमार के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्से में धुंध के अलावा हिमालय के तलहटी क्षेत्रों में सुबह के समय हल्के स्तर का छाए रहने का पूर्वानुमान है. पूरे राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा.
कैसा रहेगा आज का मौसम
राज्य में पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह सतह से औसत 5.8 किमी ऊपर तक बना हुआ है. साथ ही हरियाणा और आस-पास के इलाकों में चक्रवात जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है. इसकी वजह से मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा. लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी. राज्य के अलग -अलग जिलों की बात करें तो सभी जिलों में अधिकतम तापमान 30°C से 32°C के बीच और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C रहने की संभावना है. साथ ही सभी जगहों पर पछुआ हवा का प्रवाह रहेगा.
राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 19°C रहने की संभावना है. सुबह 5:56 बजे सूर्योदय होगा और शाम 5:10 बजे सूर्यास्त होगा. जिलों की बात करें तो मोतिहारी, पूर्णिया और दरभंगा में कोहरा छाया रहेगा और सुबह शाम हल्की ठंड का एहसास होगा. अधिकांश हिस्सों में धुंध मिलेगी. इसके अलावा बाकी जगहों पर सुबह शाम में कनकनी रहेगी और दिन चढ़ते ही गुनगुनी धूप का एहसास होगा.
अगले 24 घंटे तक मौसम बना रहेगा शुष्क
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम आम तौर पर शुष्क बना रहा. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5°C खगड़िया में दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.5°C किशनगंज में दर्ज किया गया. लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. 13 जगहों पर अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है.
पटना के राजधानी क्षेत्र यानि कि पटना एयरपोर्ट के आस पास वाले हिस्सों में 29 अक्टूबर अधिकतम तापमान 33.2°C और न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया गया. इसी प्रकार पूर्वी पटना में अधिकतम तापमान 34.4°C और न्यूनतम तापमान 20.5°C दर्ज किया गया. पश्चिमी पटना में अधिकतम तापमान 33.8°C और न्यूनतम तापमान 19.2°C और पटना वूमेन्स कॉलेज के पास अधिकतम तापमान 32.8°C और न्यूनतम तापमान 22.1°C दर्ज हुआ.
.
Tags: Bihar News, Local18, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : October 30, 2023, 08:17 IST