विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री, जानें पंच से मुख्यमंत्री बनने तक का सफर

रामकुमार नायक/रायपुर. छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत मिली. इसके बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री को लेकर लगातार बहस हो रही थी. आदिवासी नेता विष्णुदेव साय के नाम की चर्चा जोरों पर थी. और कुछ लोग उन्हें चुनाव के बाद राज्य के मुख्यमंत्री के पद के लिए संभावित उम्मीदवार के रूप में देख रहे थे. फिलहाल भाजपा आलकमान ने इस पर मोहर लगा दी है. छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे. दरअसल, भाजपा ने छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव से पहले किसी को सीएम के चेहरे को पेश नहीं किया था. पूरा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लड़ा गया. चुनाव के बाद रायपुर से दिल्ली तक सीएम के चेहरे को लेकर मंथन का दौर चला. अब पार्टी ने आदिवासी समाज से आने वाले विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लगा दी है.

विष्णुदेव साय का पूरा नाम विष्णुदेव गनपतराव साय है. वे छत्तीसगढ़ के बगिया गांव के रहने वाले हैं और मूलत: किसान परिवार से हैं. उन्होंने 1989 में राजनीतिक जीवन में कदम रखा और उसी साल पंच बने, जिसके बाद 1990 में उन्हें निर्विरोध सरपंच चुना गया. विष्णुदेव साय ने मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य के रूप में 1990 से 1998 तक तपकरा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. उन्होंने विधायक के रूप में भूमिका निभाई. 1999 में, विष्णुदेव साय ने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय संसद के सदस्य के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इसके बाद, उन्होंने 13वीं और 15वीं लोकसभा के लिए भी सांसद के रूप में चुनाव लड़े और जीत हासिल की. विष्णुदेव साय ने 2006 में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य किया, जिससे उन्होंने पार्टी के प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

इसके बाद विष्णुदेव साय लगातार आगे बढ़ते गए और 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए वे फिर से रायगढ़ से सांसद बने. इस बार केंद्र में मोदी सरकार ने उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री, इस्पात खान, श्रम, रोजगार मंत्रालय बनाया गया था. विष्णुदेव साय 27 मई 2014 से 2019 तक इस पद पर रहे. पार्टी ने 2 दिसंबर 2022 को उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया. इसके बाद विष्णुदेव साय 8 जुलाई 2023 को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया. विष्णुदेव साय 2020 में भी छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं. सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं. संघ के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती है. विष्णुदेव साय की इसी मजबूत प्रोफाइल की वजह से उन्हें पार्टी ने सबसे बड़ा पद दिया है.

Tags: Chhattisgarh CM, Chhattisgarh news, Latest hindi news, Local18, Raipur news

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *