कानपुर देहात2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कोतवाली अकबरपुर का है मामला।
उत्तर प्रदेश सरकार में इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिक राज्यमंत्री अजीत पाल की बुजुर्ग बुआ के साथ टप्पेबाजी हो गई। सांस की बीमारी सही करने के नाम पर कबाड़ वाले ने करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन पार कर दी। जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए आरोपी टप्पेबाज की तलाश शुरू कर दी है। वारदात कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैदू ताहरपुर की है।
मैदू ताहरपुर निवासी रामवती पाल (65) घर के बाहर बैठीं थीं। उसी समय साइकिल सवार एक कबाड़ी आया और कबाड़ खरीदने की बात कहने लगा। उन्होंने मना किया तो कहने लगा कि लगता है कि आपको सांस की बीमारी है। इस पर रामवती ने भी हां बोला दिया। रामवती की हां सुनते ही उसने कहा कि उसे एक तरीका पता है। जिससे सांस की बीमारी सही हो जाती है, उसने कईयों की सही कर दी है।
चेन गायब होते ही पुलिस को सूचना दी
यह सुनकर रामवती झांसे में आ गईं और तरीका पूछने लगीं। इस पर उसने उनके पीछे की तरफ से गर्दन व कंधे पर मसाज करने लगा और इसी दौरान करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन पार कर दी। उसके जाने के बाद पता चला कि गले से चेन गायब है। रामवती को समझते देर न लगी कि उनके साथ टप्पेबाजी हो गई। जिसके बाद रामवती ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी करते हुए टप्पेबाज की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। टप्पेबाजों के संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। जल्द ही टप्पेबाज गिरफ्तार किया जाएगा।