हाथरस3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

हाथरस में प्रसिद्ध भजन गायक और पद्मश्री से सम्मानित अनूप जलोटा ने कहा कि धूमधड़ाके वाले भजन ज्यादा देर तक नहीं टिक पाएंगे। श्रोता उन भजनों को ज्यादा पसंद करेंगे जिनकी भाषा सरल होगी और जो हृदय तक पहुंचेंगे। वह यहां मेला श्री दाऊजी महाराज में भजन संध्या कार्यक्रम में आए थे। भजन गायक ने कहा कि नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपना मिशन ओमकाराम शुरू किया है। इसके तहत देश के 121 कार्यक्रम होंगे। यह सभी कार्यक्रम विभिन्न नदियों के तट पर होंगे। इसकी शुरुआत गोरखपुर से होगी और इसका आखिरी कार्यक्रम श्रीनगर में झेलम नदी के तट पर होगा।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में उनकी दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा सहयोग देने का आश्वासन किया है। अनूप जलोटा ने कहा कि ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन उनके प्रसिद्ध भजन है। विदेश में भी छोटे-छोटे बच्चे भजन गाते हैं। यह देखकर उन्हें काफी खुशी होती है। प्रसिद्ध भजन गायक ने कहा कि वह कई टीवी शो में निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। फिर जल्द ही एक शो में निर्णायक की भूमिका के रूप में आएंगे।

पद्मश्री से सम्मानित अनूप जलोटा का हाथरस में स्वागत।
इन्होंने किया स्वागत
ब्रज कला केंद्र और राष्ट्रीय कवि संगम जैसी संस्थाओं के पदाधिकारी ने अनूप जलोटा का स्वागत किया। इन साहित्य कारों ने छोटी रचनाओं के माध्यम से जलोटा का स्वागत किया और उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया। स्वागत करने वालों में चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, मीरा दीक्षित मनु दीक्षित अनिल बौहरे, मोहम्मद रफी आदि मौजूद रहे।