नई दिल्ली6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा है कि भारत में जब गूगल पिक्सल-8 स्मार्टफोन मैन्युफैक्चर होगा, तब वे अपने मौजूदा पिक्सल फोन से मेड इन इंडिया पिक्सल पर स्विच कर जाएंगे। फिलहाल वो आईफोन 15 प्रो और गूगल पिक्सल स्मार्टफोन यूज कर रहे हैं।
हाल ही में गूगल फॉर इंडिया इवेंट में डिवाइसेज हेड रिक ओस्टरलोह ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग सेटअप के लिए कंपनी भारत में पार्टनरशिप करेगी। कंपनी इसकी शुरुआत गूगल पिक्सल 8 से करेगी। इसी को लेकर इंडिया टेक एंड इन्फ्रा ने एक पोस्ट किया था। जिसको री-ट्वीट कर महिंद्रा ने US के एक स्टोर में सिम लेने के दौरान वहां हुए एक किस्से के बारे में बताया।
आनंद महिंद्रा ने कहा- मेड इन इंडिया आईफोन-15-प्रो सुनकर चौंका सेल्समैन
आनंद महिंद्रा ने अपने X पोस्ट में लिखा, ‘हाल ही में, मैं US के एक वेरिजॉन स्टोर पर लोकल सीम लेने गया, वहां के सेल्समैन से मैंने गर्व से कहा कि मेरा आईफोन 15 प्रो मेड इन इंडिया है। सेल्समैन ने आश्चर्य से भौंहें चढ़ा ली यह देखकर काफी मजा आया।
सबको बताऊंगा मेरा पिक्सल इंडिया मेड है
उन्होंने कहा मेरे पास एक गूगल पिक्सल भी है। लेकिन यह जब भारत में बनेगा तो मैं इंडिया-मेड वर्जन पर स्विच कर लूंगा। इसके बाद मैं उनको बता पाउंगा कि मेरा पिक्सल भी मेड इन इंडिया है। लेकिन शायद तब कोई अपनी भौंहे चौड़ी नहीं करेगा, क्योंकि भारत को तब तक ग्लोबल लेवल पर मैन्युफैक्चरिंग पावर हाउस के रूप में जाना जाने लगेगा।’

आनंद महिंद्रा ने कहा- मेरे पास मेड इन इंडिया आईफोन 15 प्रो है। भारत में जब गूगल पिक्सल बनेगा तो मैं इंडिया मेड पिक्सल पर स्विच कर लूंगा।

गूगल फॉर इंडिया इवेंट में पिक्सल फोन की भारत में मैन्युफैक्चरिंग की घोषणा की गई।
भारत में एपल पहले से ही बना रहा आईफोन
एपल भारत में पहले से ही आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है। अब गूगल भी ऐसा करने जा रहा है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में ग्लोबल हब बनना चाहता है। उसने साल 2025-26 तक 300 बिलियन डॉलर के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट के प्रोडक्शन का प्लान बनाया है।
4 अक्टूबर को लॉन्च हुआ था पिक्सल 8
गूगल ने 4 अक्टूबर 2023 को पिक्सल 8 और पिक्सल 8 प्रो फोन लॉन्च किए थे। इनकी शुरुआती कीमत 75,999 और 1,06,999 रुपए है। गूगल अपने फोन्स पर 7 साल यानी 2030 तक सपोर्ट देगा। इसमें OS अपडेट, सिक्योरिटी अपडेट, फीचर ड्रॉप और AI इनोवेशन मिलेंगे।
पिक्सल फोन्स में 50MP कैमरा
पिक्सल 8 में रियर कैमरा: 50MP + 12MP दिया गया है। फ्रंट कैमरा : 10.5MP का है। वहीं पिक्सल 8 प्रो में रियर कैमरा: 50MP + 48MP + 48MP और फ्रंट कैमरा: 10.5MP दिया गया है। Pixel 8 में वही प्राइमरी सेंसर है जो Pixel 8 Pro में मिलता है।
गूगल पूरे कैमरा एक्सपीरियंस में फास्टर ऑटोफोकस का दावा करता है, खासकर लो-लाइट कंडीशन में। कैमरा सॉफ्टवेयर फीचर में मैजिक इरेजर, फोटो अनब्लर, नाइट साइट, टॉप शॉट और बहुत कुछ शामिल हैं। दोनों फोन में टेंसर G3 प्रोसेसर मिलता है।


एपल, सैमसंग से काफी पीछे है गूगल
एनालिस्ट फर्म आईडीसी के 2022 के एक डेटा के अनुसार, 2016 में पहला पिक्सल फोन रिलीज होने के बाद से गूगल ने कुल 2.76 करोड़ फोन ही बेचे। जबकि केवल 2021 में सैमसंग ने 27.2 करोड़ फोन बेचे। एपल ने इस दौरान 23.5 करोड़ फोन सेल किए।
5 पॉइंट जिस कारण पिक्सल ज्यादा सक्सेसफुल नहीं
- सीमित उपलब्धता: पिक्सल फोन सभी देशों में उपलब्ध नहीं हैं। सर्विस सेंटर की भी परेशानी।
- फोन की ऊंची कीमत: पिक्सल फोन आम तौर पर अन्य एंड्रॉयड फोन की तुलना में ज्यादा महंगे।
- मार्केटिंग की कमी: अन्य मैन्युफैक्चरर्स की तरह मार्केटिंग पर उतना पैसा खर्च नहीं करना।
- आइडेंटिटी क्राइसिस: गूगल के फोन की आईफोन और सैमसंग की तरह मजबूत पहचान नहीं।
- सॉफ्टवेयर इंटेनसिव अप्रोच: गूगल अपने फोन में एंड्रॉयड का प्योर वर्जन इस्तेमाल करता है।
हालांकि, इन चुनौतियों के बावजूद, पिक्सल फोन के लॉयल फैन्स की एक बड़ी संख्या है जो प्योर एंड्रॉयड एक्सपीरियंस देने के लिए कंपनी की सराहना करते हैं। गूगल अब ज्यादा देशों में अपने पिक्सल फोन की उपलब्धता बढ़ा रहा है। इसके अलावा AI से लेकर कैमरे में बड़े बदलाव कर रहा है। इसलिए यह संभव है कि आने वाले सालों में पिक्सल फोन की बिक्री बढ़ जाए।