6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कर्नाटक के बेंगलुरु के रायअसंद्र इलाके में रविवार को एक परफ्यूम वेयरहाउस में आग लग गई। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि आग किस कारण से लगी इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पीएम मोदी 7 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे, बारासत में महिलाओं की रैली को संबोधित करेंगे

पीएम मोदी 7 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। वे नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासत में महिलाओं की रैली को संबोधित करेंगे। ये जानकारी पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने रविवार को दी। नॉर्थ 24 परगना में ही महिलाएं TMC नेताओं के यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता भी महिलाओं के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं
चिनूक हेलिकॉप्टर की पंजाब में इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी गड़बड़ी के कारण डेढ़ घंटे खेत में खड़ा रहा

पंजाब में बरनाला और संगरूर जिलों के बॉर्डर पर पड़ते गांव ढडरिया में रविवार को आर्मी के चिनूक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की गई। इस दौरान सेना के हेलिकॉप्टर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई, जिसने लोगों को हेलिकॉप्टर के आसपास से हटाया। सेना का हेलिकॉप्टर उड़ा रही टीम के अनुसार, उसमें कुछ तकनीकी गड़बड़ी आ गई थी। इसके बाद उसकी लैंडिंग करवानी पड़ी। लैंडिंग के तकरीबन डेढ़ घंटे बाद तकनीकी गड़बड़ी को ठीक किया गया। पढ़ें पूरी खबर…
‘गांजा शंकर’ को TSNAB ने जारी किया नोटिस, टाइटल बदलने का निर्देश दिया

तेलंगाना राज्य एंटी-नारकोटिक्स ब्यूरो (TSANB) ने तेलुगू फिल्म ‘गांजा शंकर’ के मेकर्स को नोटिस जारी किया है। नोटिफिकेशन फिल्म के नायक साई धर्म तेज, निर्माता एस. नागवंशी और निर्देशक संपत नंदी को दी गई है। TSANB ने क्रिएटर्स को ‘गांजा शंकर’ का टाइटल बदलने और गांजा शब्द हटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि फिल्म के टाइटल से ऐसा लग रहा है कि गांजा के व्यवसाय का महिमामंडन किया जा रहा है।
मुंबई से हैदराबाद जाने वाली विस्तारा फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

मुंबई से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली विस्तारा फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। शनिवार को उड़ान भरने के 30 मिनट के भीतर ही फ्लाइट में तकनीकी खराबी का सिग्नल मिला। इसके बाद उसे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा।
महाराष्ट्र के अमरावती में ट्रक-टेम्पो की टक्कर में 4 की मौत, 10 घायल

महाराष्ट्र के अमरावती में रविवार सुबह एक ट्रक और टेम्पो की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। 10 लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया कि टेम्पो पर 21 लोग सवार थे। सभी एक क्रिकेट टीम के सदस्य थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे नंदगांव खंडेश्वर तालुका के शिंगनापुर फाटा पर एक ट्रक ने टेम्पो को टक्कर मार दी। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तमिलनाडु में 12वीं के छात्र की कॉलेज स्टूडेंट ने हत्या की, 10 बार चाकू से गोदा, थाने जाकर सरेंडर किया

आरोपी छात्र की तस्वीर।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक बस स्टॉप पर 12वीं क्लास के स्टूडेंट का मर्डर कर दिया गया। विक्टिम की पहचान प्रणव के तौर पर हुई है। उस पर 18 साल के एक कॉलेज स्टूडेंट ने हमला किया था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी ने प्रणव पर 10 से ज्यादा वार किए। इस हमले में गर्दन पर हुआ एक वार प्रणव के लिए जानलेवा साबित हुआ।
ये हादसा बस स्टैंड के पास लगे CCTV कैमरा में कैद हो गया। प्रणव का कत्ल करने के बाद आरोपी छात्र ने पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया। उसने बताया कि दोनों के बीच कुछ समय से दुश्मनी चल रही थी। इसके चलते उसने प्रणव के मर्डर का प्लान बनाया था।
महाराष्ट्र के ठाणे में 40 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, रिश्वत लेते वीडियो के खिलाफ एक्शन

महाराष्ट्र में ठाणे के मुंब्रा इलाके में बाइक चालकों से रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आने पर 40 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का एक साथ ट्रांसफर कर दिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि ट्रांसफर किए गए सभी पुलिसकर्मी मुंब्रा डिवीजन से हैं। इनमें मुंब्रा ट्रैफिक डिवीजन के सीनियर इंस्पेक्टर सुरेश खेडेकर, दो असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के अलावा कांस्टेबल शामिल हैं।
संदेशखली हिंसा के बाद बंगाल सरकार ने बारासात रेंज के DIG सुमित कुमार का ट्रांसफर किया

पश्चिम बंगाल के संदेशखली में हुई हिंसा के बाद राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में कई बदलाव किए हैं। बारासात रेंज के DIG सुमित कुमार को सिक्योरिटी का DIG बना दिया गया है। उनकी जगह पर मालदा रेंज के DIG भास्कर मुखर्जी को बारासात रेंज का DIG बनाया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर विस्फोट की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, शराब के नशे में की थी फेक कॉल

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर विस्फोट करने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने 38 वर्षीय एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 28 जनवरी को शाम 5:11 बजे पुलिस को फेक कॉल कर कहा था कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर विस्फोट करेगा। शख्स की पहचान बिहार के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले कृष्णो महतो के रूप में की गई है। वह दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करता है। उसने पूछताछ में बताया कि शराब के नशे में फेक कॉल की थी।
पुणे के पिंपरी चिंचवड में स्क्रैप गोदाम में धमाके के बाद आग लगी, दमकल की 10 गाड़ियां पहुंची

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ के कुडाल वाडी इलाके में शनिवार को एक स्क्रैप गोदाम में धमाका हुआ। पिंपरी-चिंचवड़ फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी वरद नाले के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां तैनात किए गए थे। आग पर काबू पा लिया गया है। आगे की जांच चल रही है। घटना को लेकर और जानकारी आना बाकी है।