भास्कर अपडेट्स: इंडियन नेवी 6 मार्च को नए MH 60R सीहॉक हेलिकॉप्टर शामिल करेगी

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Indian Navy Sailor Missing | MP UP Rajasthan Jammu Kashmir Bihar

7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इंडियन नेवी 6 मार्च को कोच्चि में INS गरुड़ में नए MH 60R सीहॉक (ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर का एक समुद्री वर्जन) हेलीकॉप्टर को शामिल करेगी। भारत सरकार ने फरवरी 2020 में फोर्थ जनरेशन के 24 MH 60R हेलीकॉप्टर के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। उनमें से छह को अब तक भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया है। यह हेलिकॉप्टर टॉरपीडो, मिसाइल दागने में भी सक्षम है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

गौहर खान दूसरी बार इमरान की पार्टी PTI के चेयरमैन बने

बैरिस्टर गौहर खान दूसरी बार पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI के चेयरमैन बन गए हैं। पार्टी स्पोक्सपर्सन रऊफ हसन ने रविवार को यह जानकारी दी। हसन ही पार्टी की आंतरिक चुनाव समिति के मुखिया थे। हसन के मुताबिक- गौहर खान के विरोध में कोई कैंडिडेट नहीं था। दो साल में यह तीसरा मौका है, जब PTI ने पार्टी के इंटरनल इलेक्शन कराए हों।

CBI ने NHAI के जनरल मैनेजर को गिरफ्तार किया, 20 लाख की रिश्ववतखोरी का मामला

महाराष्ट्र में जांच एजेंसी CBI ने रिश्वतखोरी के मामले में NHAI के जरनल मैनेजर अरविंद काले गिरफ्तार किया है। उन्हें 20 लाख की रिश्वतखोरी के मामले में पकड़ा गया है। इसके साथ ही CBI ने तलाशी अभियान में 45 लाख रुपए जब्त किए।

अधिकारियों के मुताबिक, काले और 11 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नॉर्थ कश्मीर के उरी में झेलम नदी पुल ढहने से 3 मजदूरों की मौत

नॉर्थ कश्मीर के उरी में रविवार दोपहर झेलम नदी पुल ढहने से 3 मजदूरों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीन मजदूर पुल को तोड़ रहे थे।

एक अन्य घटना में सोपोर के मुंडजी गांव में हुई। एक नाले में फिसलकर दो लड़के गिर गए। अधिकारियों के मुताबिक घटना, के तुरंत बाद एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया और दोनों को बचा लिया गया।

यूपी में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ब्लू सफायर मॉल में छत की ग्रिल गिरने से 2 लोगों की मौत

यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ब्लू सफायर मॉल में रविवार (3 मार्च) को छत की ग्रिल टूटकर गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना को लेकर और जानकारी आना बाकी है।

ओडिशा के DRDO सेंटर में तमिलनाडु के जवान ने आत्महत्या की, सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में DRDO की रडार ऑब्जर्वेटरी एयर सर्विलांस यूनिट में 35 साल के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस ने रविवार (3 मार्च) को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जवान की पहचान तमिलनाडु के रहने वाले सिपाही राज शेखरन के रूप हुई है। वे रविवार को लगभग 2 बजे महाकालपाड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कियारबांका गांव में DRDO सेंटर पर ड्यूटी पर तैनात थे। जवान को खून से लथपथ स्थिति में पाया गया। उन्हें पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि राइफल जब्त कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।

दिल्ली में दिवंगत शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा के 400 करोड़ का फार्म हाउस ध्वस्त, DDA ने चलवाया बुलडोजर

दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने दिवगंत शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा के 400 करोड़ के फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया। DDA ने शुक्रवार (1 मार्च) और शनिवार (2 मार्च) को फार्म हाउस पर बुलडोजर चलवाया। यह फार्म हाउस करीब 10 एकड़ में फैला था। इसे अवैध तरीके से जमीन कब्जा कर बनाया गया था। DDA ने शुक्रवार को पांच एकड़ जमीन पर कार्रवाई की। शनिवार को बाकी जमीन पर बनी फार्म हाउस की मेन बिल्डिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

जम्मू का नौसैनिक जहाज से छह दिन से लापता, कोच्चि से रवाना हुई थी शिप

भारतीय नौसेना के जहाज से एक नौसैनिक के लापता होने की सूचना मिली है। नौसैनिक की पहचान सीमैन II रैंक के साहिल वर्मा के रूप में की गई है। वे पिछले छह दिन, 27 फरवरी से लापता हैं। साहिल जम्मू के रहने वाले हैं। वे 2022 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे।

भारतीय नौसेना के पश्चिमी नौसेना कमान ने शनिवार (2 मार्च) को घटना की जानकारी दी। नौसेना ने बताया कि साहिल की तलाश के लिए जहाजों और विमानों के साथ बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। नौसेना बोर्ड ऑफ इंक्वायरी को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साहिल जिस शिप से लापता हुए हैं, वह 25 फरवरी को कोच्चि से रवाना हुई थी। साहिल को आखिरी बार 25 फरवरी को शिप पर देखा गया था। उनके लापता होने की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं है।

ओडिशा के कटक की सिल्वर फिलिग्री को GI टैग मिला, चांदी की पतली तार से बनाई जाती है ज्वेलरी

ओडिशा के कटक जिले के प्रसिद्ध चांदी तारकशी यानी सिल्वर फिलिग्री को ज्योग्राफिकल इंडिकेशन (GI) टैग मिला है। ओडिशा राज्य सहकारी हस्तशिल्प निगम लिमिटेड (UTKALIKA) ने 1 जुलाई, 2021 को प्रसिद्ध सिल्वर फिलिग्री के लिए GI टैग की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया था। राज्य के सीएम नवीन पटनायक ने सिल्वर फिलिग्री को GI टैग मिलने पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर कहा- कटक की सिल्वर फिलिग्री को GI टैग मिलना ओडिशा के लिए सम्मान की बात है।

कटक की सिल्वर फिलिग्री सालों पुरानी शिल्पकला है। इसमें चांदी के तारों से ज्वेलरी की बारीक डिजाइन तैयार की जाती है। कहा जाता है कि मुगल शासन के दौरान ओडिशा में इस कला की शुरुआत हुई थी। ज्वेलरी के अलावा सिल्वर फिलिग्री से बर्तन और सजावट के सामान भी तैयार किए जाते हैं।

वेस्ट अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट में दो भारतीयों की मौत, भारतीय दूतावास ने कहा- शवों को भारत लाने की कोशिश कर रहे

वेस्ट अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट में एक भारतीय कपल की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने रविवार को जानकारी दी। मौत की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।

भारतीय दूतावास ने कहा- आइवरी कोस्ट के आबिदजान शहर में दो भारतीयों की मौत हो गई। संतोष गोयल और संजय गोयल के प्रति संवेदना। हम हर मदद करने को कोशिश करेंगे। हम शवों को भारत लाने के लिए वहां के प्रशासन से बात कर रहे हैं।

मुंबई के ठाणे में स्कूल बस ने दो बच्चियों को कुचला, हालत गंभीर

मुंबई में ठाणे के नायगांव स्थित अमूल नगर इलाके में एक स्कूल बस ने दो बच्चियों को कुचल दिया। दोनों बच्चियां रास्ता पार कर रही थी। घटना में दोनों बच्चियां गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि स्कूल बस बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान ये हादसा हुआ। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

NDA में शामिल हुई RLD, अमित शाह और नड्डा से मिले जयंत चौधरी; BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- दिल से स्वागत

जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल शनिवार (2 मार्च) देर रात NDA में शामिल हो गई। जयंत ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद इसका ऐलान किया। शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा- उनके NDA में आने से किसान, गरीब के उत्थान के हमारे संकल्प को और बल मिलेगा।

जयंत ने अपने दादा और पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा के बाद NDA में जाने के संकेत दिए थे। केंद्र सरकार ने 9 फरवरी को चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा की थी। जयंत ने 9 फरवरी को ही I.N.D.I.A का साथ छोड़ NDA में जाने के संकेत दे दिए थे। उन्होंने कहा था- मैं किस मुंह से इनकार करूं। मोदी जी ने दिल जीत लिया। पूरी खबर पढ़ें…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *