कैलाश कुमार/बोकारो. झारखंड के बोकारो रेलवे स्टेशन पर भी अब वंदे भारत एक्सप्रेस रुकने लगेगी. रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बोकारो वासियों को बड़ी सौगात दी है. बता दें कि 12 मार्च को पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में 10 वंदे भारत एक्सप्रेस का ऑनलाइन उद्घाटन किया जाएगा. ऐसे में रांची से वंदे भारत एक्सप्रेस बोकारो स्टील सिटी से होते हुए वाराणसी के बीच चलने वाली है.
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 20887 रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5:10 पर रांची से खुलेगी, मुरी स्टेशन पर 6:10 बजे पहुंचेगी, वहीं बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर 7:10 में आगमन होगा. यहां से कोडरमा स्टेशन पर 8:40 बजे, फिर गया स्टेशन पर 10:00 बजे, सासाराम स्टेशन पर 11:03 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 12:15 बजे आगमन होगा. वहीं अंत में वाराणसी जंक्शन पर दोपहर 1:00 बजे पहुंचेगी.
लौटने में ट्रेन की टाइमिंग
ट्रेन संख्या 20888 वाराणसी-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी स्टेशन से 16:05 से खुलेगी, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 16:40 बजे, सासाराम में 17:48 बजे, गया स्टेशन पर 18:45 बजे, कोडरमा स्टेशन पर 19:50 बजे, बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर 21:50 बजे, मुरी स्टेशन पर 22:48 बजे और आखिर में 23:55 बजे रांची जंक्शन पर पहुंचेगी.
गुरुवार को नहीं चलेगी
बता दें, रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में आठ चेयर कार कोच होंगे और यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर सभी दिन संचालित की जाएगी. इस ट्रेन में यात्रियों को हाई स्पीड वाई-फाई, बेहतरीन एलईडी लाइट, सीसीटीवी की सुरक्षा और बायो टॉयलेट जैसी सुविधा मिलेगी. इससे सफर करने वाले यात्रियों को यात्रा में सुविधाजनक सुरक्षित विकल्प मिलेगा और ट्रेन का किराया करीबन 1390 से 2600 रुपये तक हो सकता है.
.
Tags: Bokaro news, Local18, Train news, Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : March 10, 2024, 09:20 IST