बीजापुर में पार्टी की भरोसा यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल से गिरने से कांग्रेस विधायक घायल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को पार्टी की भरोसा यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल से गिरने से सत्ताधारी दल कांग्रेस के एक विधायक घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विक्रम मंडावी के तुनकीगुट्टा पहाड़ी के करीब मोटरसाइकिल से गिरने से कंधे पर चोटें आई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन में पीछे बैठे बीजापुर नगर पालिका के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर को भी दुर्घटना में मामूली चोटें आई हैं।
उन्होंने बताया कि घटना आज शाम उस समय हुई जब मंडावी मद्देड़ गांव में भरोसा यात्रा का समापन कर लौट रहे थे। घटना के बाद दोनों को बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीजापुर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर यशवंत कुमार ध्रुव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से जानकारी मिली है कि विधायक के कंधे की हड्डी में चोट लगी है। उन्हें एम्बुलेंस से जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित किया जा रहा है।

कांग्रेस ने अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए सोमवार को राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक दिवसीय भरोसा यात्रा रैली निकाली थी।
यात्रा के दौरान पार्टी ने भाजपा पर भी निशाना साधा कि उसने अपने 15 साल के शासन (2003-2018) के दौरान राज्य के लोगों से धोखा किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *