प्रधानमंत्री मोदी और मैक्रों ने भारत-फ्रांस रक्षा संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई

भारत को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘फ्रांस के लोग बहुत गौरवान्वित हैं और वे आपके देश के प्रति मित्रता महसूस करते हैं।’’ मैक्रों ने कहा कि जी20 अध्यक्ष के रूप में, भारत ने दुनिया को एकता और शांति का संदेश देने का भरसक प्रयास किया, जबकि रूस अब भी यूक्रेन के खिलाफ आक्रामकता जारी रखे हुए है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उन्नत रक्षा प्रौद्योगिकियों और प्लेटफार्म के डिजाइन, विकास और निर्माण में साझेदारी के जरिये भारत-फ्रांस रक्षा संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। मोदी और मैक्रों ने रविवार को जी20 शिखर सम्मेलन से इतर वार्ता की।
एक संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘‘दोनों नेताओं ने उन्नत रक्षा प्रौद्योगिकियों और प्लेटफार्म के डिजाइन, विकास और निर्माण में साझेदारी के जरिये रक्षा सहयोग को मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तीसरे देशों सहित भारत में उत्पादन को बढ़ाने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘इस संदर्भ में, उन्होंने रक्षा संबंधी औद्योगिक रूपरेखा को शीघ्र अंतिम रूप देने का भी आह्वान किया।’’

संयुक्त बयान में कहा गया है कि भारत और फ्रांस ने जी20 में अफ्रीकी संघ (एयू) की सदस्यता का स्वागत किया और अफ्रीका की प्रगति, समृद्धि और विकास के लिए एयू के साथ काम करने का संकल्प लिया।
मोदी और मैक्रों ने क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत-फ्रांस सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इसमें कहा गया है, ‘‘उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ यानी ‘एक पृथ्वी, एक कुटुम्ब, एक भविष्य’ का संदेश लेकर वैश्विक भलाई के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।’’
संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘‘डिजिटल, विज्ञान, तकनीकी नवाचार, शिक्षा, संस्कृति, स्वास्थ्य और पर्यावरण सहयोग जैसे क्षेत्रों पर जोर देते हुए दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए ‘इंडो-फ्रेंच कैंपस’ के मॉडल पर इन क्षेत्रों में संस्थागत संबंधों को मजबूत करने का आह्वान किया।’’

भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी का जिक्र करते हुए मैक्रों ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि यह रिश्ता द्विपक्षीय जुड़ाव से कहीं अधिक है और दोनों देशों को दुनिया के ‘‘बिखराव’’ का विरोध करने की दिशा में काम करना होगा।
भारत-फ्रांस संबंधों को ‘‘बहुत मजबूत’’ करार देते हुए मैक्रों ने कहा कि आने वाले महीनों और वर्षों में अतिरिक्त अनुबंध और खरीद की जाएगी। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने विशेष विवरण नहीं दिया।
भारत को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘फ्रांस के लोग बहुत गौरवान्वित हैं और वे आपके देश के प्रति मित्रता महसूस करते हैं।’’
मैक्रों ने कहा कि जी20 अध्यक्ष के रूप में, भारत ने दुनिया को एकता और शांति का संदेश देने का भरसक प्रयास किया, जबकि रूस अब भी यूक्रेन के खिलाफ आक्रामकता जारी रखे हुए है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *