गाजियाबाद18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

धर्मवीर चौधरी बसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे हैं। पार्टी में उनकी गिनती वरिष्ठ पदाधिकारियों में होती रही है।
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मवीर चौधरी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी पदाधिकारियों के मुताक, अनुशासन हीनता के चलते ये कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी सुप्रीमो की स्पष्ट मना होने के बावजूद धर्मवीर चौधरी लगातार टीवी चैनलों की डिबेट्स में हिस्सा ले रहे थे।
बसपा के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जाटव एडवोकेट ने 11 सितंबर को जारी पत्र में कहा, पूर्व प्रवक्ता धर्मवीर चौधरी को पार्टी में अनुशासन हीनता अपनाने, विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की विभिन्न सूत्रों से छानबीन कराने के बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन्हें पूर्व में कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, इसके बावजूद कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हो रहा था। जिसकी वजह से पार्टी मूवमेंट हित में धर्मवीर चौधरी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बसपा सुप्रीमो ने अपने पदाधिकारियों को साफ तौर पर हिदायत दी हुई है कि वे पार्टी की तरफ से टीवी चैनल की डिबेट्स में न जाएं। धर्मवीर चौधरी लगातार डिबेट्स का हिस्सा बन रहे थे। 11 सितंबर को भी वे शाम पांच बजे एक टीवी चैनल की डिबेट्स में पार्टी का पक्ष रखने के लिए हाजिर हुए। इसी दौरान उसके निष्कासन का पत्र जारी कर दिया गया। हालांकि धर्मवीर चौधरी के निष्कासन से पार्टी का एक बड़ा खेमा असंतुष्ट है।