न्यू-लिवरी के साथ एअर-इंडिया की फ्लाइट ने भरी उड़ान: दोपहर करीब 1 बजे इंडियन एयर स्पेस से गुजरी, सिंगापुर से उड़ाने भरी थी

नई दिल्ली2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

एअर इंडिया के एयरबस A350 विमान ने शुक्रवार को नए लोगो और नए लिवरी के साथ सिंगापुर से टूलूज के लिए उड़ान भरी। एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा,’भारत के मोस्ट अवेटेड एयरक्राफ्ट के आगमन की ओर एक और कदम। नए मेकओवर के साथ एयरक्राफ्ट ने सिंगापुर से फ्रांस के टूलूज के लिए अपनी पहली उड़ान भरी।

कंपनी ने कहा कि न्यू लिवरी एअर इंडिया के लिए नए अध्याय का प्रतीक है और पैसेंजर को मॉर्डन और अट्रैक्टिव एक्सपीरियंस प्रोवाइड करने के एयरलाइन के कमिटमेंट को दर्शाती है। इसके साथ ही एयरलाइंस ने दोपहर 1:30 पर X पर लिखा,’भारत, ऊपर देखो! हमारे A350 ने न्यू लिवरी में इंडियन एयर स्पेस में एंटर किया।’

एअर इंडिया ने नए लोगो के साथ अपने पहले एयरबस की 4 तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें से दो तस्वीर एयरबस के उड़ान भरने से पहले की है।

एअर इंडिया ने नए लोगो के साथ अपने पहले एयरबस की 4 तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें से दो तस्वीर एयरबस के उड़ान भरने से पहले की है।

3 महीने पहले एअर इंडिया ने अनवील किया था नया लोगो और लिवरी
एअर इंडिया ने तीन महीने पहले अपना नया लोगो और लिवरी अनवील किया था, जिसमें सुनहरे, लाल और बैंगनी कलर का इस्तेमाल किया गया है। लंदन बेस्ड ब्रांड और डिजाइन कंसल्टेंसी फर्म फ्यूचर ब्रांड के साथ पार्टनरशिप में लोगो डिजाइन किया गया है।

दिसंबर 2023 में एअर इंडिया का पहला एयरबस A350 नए लोगो और मेकओवर के साथ बेड़े में शामिल होगा। फ्यूचर ब्रांड ने अमेरिकन एयरलाइंस और ब्रिटिश लग्जरी ऑटोमोबाइल ब्रांड बेंटले के साथ भी ब्रांडिंग पर काम किया है।

एअर इंडिया के मेकओवर से जुड़ी 5 बड़ी बातें:

1. नए लोगो में गोल्ड विंडो फ्रेम को शामिल किया गया
नए लोगों में एअर इंडिया के गहरे लाल अक्षरों को बरकरार रखा गया है, लेकिन फॉन्ट अलग है। इसमें गोल्ड विंडो फ्रेम को शामिल किया गया है। एयरलाइन ने कहा था, ‘यह लोगो असीमित संभावनाओं और भविष्य के लिए एयरलाइन का बोल्ड, कॉन्फिडेंट आउटलुक दर्शाता है।’

2. महाराजा इस ब्रांड का हिस्सा बने रहेंगे
एअर इंडिया की पहचान उसका महाराजा मस्कट रहा है। 1946 में इसे डिजाइन किया गया था। एअर इंडिया के तब के कॉमर्शियल डायरेक्टर बॉबी कूका और विज्ञापन एजेंसी जे.वाल्टर थॉम्पसन के आर्टिस्ट उमेश राव ने मिलकर ब्रांड आइकन बनाया था। बाद में इसमें बदलाव भी किए गए।

एअर इंडिया के CEO और MD कैंपबेल विल्सन ने कहा- महाराजा अब मुख्य रूप से एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों पर दिखाई देंगे। इंटरनेशनल कस्टमर बेस से महाराजा मस्कट उतना रिलेट नहीं करता इसलिए ऐसा किया जा रहा है। प्रीमियम क्लास के लिए महाराजा का इस्तेमाल होगा।

3. नया लोगो असीमित संभावनाओं का प्रतीक
टाटा संस के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने कहा कि नया लोगो असीमित संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन को वर्ल्ड लेवल पर कॉम्पिटिटिव बनाने के लिए बहुत सारे प्रयासों की आवश्यकता है। कंपनी अब सभी ह्यूमन रिसोर्सेज को अपग्रेड करने पर फोकस कर रही है।

मौजूदा बेड़े को लेकर चंद्रशेखरन ने कहा कि एअर इंडिया ने विमानों का बड़ा ऑर्डर दिया है, लेकिन नए विमान आने में कुछ समय लगेगा। उन्होंने कहा, “इस बीच, हमें अपने मौजूदा बेड़े को नवीनीकृत करना होगा और उसे स्वीकार्य स्तर पर लाना होगा।’

एअर इंडिया के CEO और MD कैंपबेल विल्सन बाएं और टाटा संस के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन एअर इंडिया का नया लोगो लॉन्च करते हुए।

एअर इंडिया के CEO और MD कैंपबेल विल्सन बाएं और टाटा संस के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन एअर इंडिया का नया लोगो लॉन्च करते हुए।

4. अमीरात जैसी एयरलाइन को टक्कर देने का प्लान
एअर इंडिया अपने नए मेकओवर के साथ अमीरात और कतर एयरवेज जैसे कैरियर्स को टक्कर देना चाहता है। जनवरी 2022 में, टाटा ग्रुप ने एयरलाइन भारत सरकार से 18,000 करोड़ रुपए में खरीदी थी। सितंबर 2022 में एअर इंडिया ने वर्ल्ड क्लास ग्लोबल एयरलाइन बनने की दिशा में अपने मल्टी स्टेज ट्रांसफॉर्मेशन रोडमैप Vihaan.AI को अनवील किया था।

5. विमानों के नवीनीकरण पर 3300 करोड़ रुपए खर्च
एअर इंडिया के सीईओ ने बताया कि एयरलाइन ने अब तक विमानों के नवीनीकरण पर 400 मिलियन डॉलर, यानी करीब 3300 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। आने वाले दिनों में एअर इंडिया कई अन्य बदलावों से गुजरेगी। दिल्ली और न्यूयॉर्क के JFK एयरपोर्ट्स पर नए लाउंज में इन्वेस्ट किया जाएगा। नई वेबसाइट और मोबाइल ऐप भी बनेगा।

बीते दिनों दिया था 470 विमानों का ऑर्डर
एयरलाइन ने बीते दिनों 470 विमानों के लिए ऑर्डर दिया था। इस डील में एअर इंडिया को फ्रांस की कंपनी एयरबस से 250 एयरक्राफ्ट और अमेरिकी कंपनी बोइंग से 220 एयरक्राफ्ट मिलेंगे। 31 एयरक्राफ्ट साल के आखिर तक सर्विस में शामिल हो जाएंगे, बाकी विमान 2025 मिड तक आएंगे। DGCA से भी इस डील को मंजूरी मिल गई है।

अभी एअर इंडिया के बेड़े में 120 एयरक्राप्ट है। इसमें एयरबस A320 फैमिली और बोइंग के वाइड बॉडी 777 और 787 एयरक्राफ्ट शामिल हैं।

अब एअर इंडिया का सफर…

1932 में शुरू हुई थी एअर इंडिया
एअर इंडिया की शुरुआत अप्रैल 1932 में हुई थी। इसकी स्थापना उद्योगपति JRD टाटा ने की थी। उस वक्त नाम टाटा एयरलाइंस हुआ करता था। JRD टाटा ने महज 15 की उम्र में साल 1919 में पहली बार शौकिया तौर पर हवाई जहाज उड़ाया था, लेकिन शौक जुनून बन गया और JRD टाटा ने अपना पायलट का लाइसेंस ले लिया।

15 अक्टूबर 1932 को पहली उड़ान
एयरलाइन की पहली कॉमर्शियल उड़ान 15 अक्टूबर 1932 को भरी गई थी। तब सिर्फ सिंगल इंजन वाला ‘हैवीलैंड पस मोथ’ हवाई जहाज था, जो अहमदाबाद-कराची के रास्ते मुंबई गया था। प्लेन में उस वक्त एक भी यात्री नहीं था, बल्कि 25 किलो चिट्ठ‍ियां थीं। चिट्ठियों को लंदन से ‘इम्पीरियल एयरवेज’ से कराची लाया गया था। यह एयरवेज ब्रिटेन का राजसी विमान था। इसके बाद 1933 में टाटा एयरलाइंस ने यात्रियों को लेकर पहली उड़ान भरी।

एअर इंडिया का 1954 में हुआ था राष्ट्रीयकरण
1954 में जब इसका राष्ट्रीयकरण हुआ, उसके बाद सरकार ने दो कंपनियां बनाईं। इंडियन एअरलाइंस घरेलू सेवा के लिए और एअर इंडिया विदेशी रूट के लिए तय की गई। साल 2000 तक यह कंपनी मुनाफे में रही। पहली बार 2001 में इसे 57 करोड़ रुपए का घाटा हुआ।

27 जनवरी 2022 को टाटा ने टेकओवर किया
सरकारी कंपनी एअर इंडिया 27 जनवरी 2022 से प्राइवेट हो गई है। टाटा संस ने एअर इंडिया का टेकओवर कर लिया था। इसके बाद टाटा देश की दूसरी बड़ी एयरलाइन बन गई है। एअर इंडिया के हैंडओवर से पहले टाटा संस के चेयरमैन PM नरेंद्र मोदी से मिले थे।

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *