चंडीगढ़. हरियाणा के रोहतक में सुनारियां जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) को एक बार फिर सरकार ने 50 दिन की पैरोल दी है. 29 दिन पहले ही राम रहीम फरलो काट दोबारा जेल लौटे थे. लेकिन अब एक बार फिर से वह जेल (Rohtak Jail) से बाहर आएंगे.
जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार ने बाबा राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दी है. इस दौरान वह यूपी बागपत के बरनावा आश्रम में रहेगा. शुक्रवार शाम या फिर शनिवार सुबह राम रहीम रोहतक जेल से बाहर निकलेगा. बता दें कि हरियाणा के जेल नियमों के अनुसार, कोई भी सजायाफ्ता कैदी साल में 70 दिन पैरोल ले सकता है.
हाल ही में जेल लौटा था राम रहीम
राम रहीम को हरियाणा सरकार ने नवंबर माह में 21 दिन की फरलो दी थी. इस दौरान वह 21 दिन तक यूपी के बागवत के आश्रम में रहे. यहां से 21 दिंसबर को ही राम रहीम रोहतक जेल लौटा था. लेकिन अब एक बार फिर से राम रहीम को पैरोल मिली है.
कब-कब मिली पैरोल?
जानकारी के अनुसार, राम रहीम को पत्रकार हत्याकांड और रेप केस में 2017 में सजा हुई थी. अब तक उसे 9 बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है. पहली बार 24 अक्टूबर 2020 को एक दिन की पैरोल दी गई थी. इस दौरान राम रहीम की मां बीमार थी और वह उनसे मिलने गया था. इसी तरह दूसरी बार 21 मई 2021 को फिर बीमार मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई. तीसरी बार 7 फरवरी 2022 को 21 दिनों की पैरोल, चौथी बार जून 2022 को एक महीने की पैरोल मिली थी.

इसी तरह पांचवीं बार अक्टूबर 2022 को 40 दिनों की पैरोल, छठी बार 21 जनवरी 2023 को 40 दिन की पैरोल, सातवीं बार 20 जुलाई 2023 को 30 दिन की पैरोल, फिर नवंबर 2023 में आठवीं बार फरलो और अब 19 जनवरी 2024 को नौवीं बार राम रहीम को पैरोल दी गई है. लगातार पैरोल पर हरियाणा सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.
.
Tags: Government of Haryana, Gurmeet Ram Rahim, Gurmeet Ram Rahim Singh, Haryana News Today, Parole
FIRST PUBLISHED : January 19, 2024, 14:23 IST