शिखा श्रेया/रांची. झारखंड के हॉकी खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है. राजधानी रांची में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पहले से वूमेन एशियन हॉकी चैंपियनशिप प्रस्तावित है.अब एक और अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच का तोहफा मिला है, जो जनवरी में रांची के कचहरी रोड स्थित जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित होना है.
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने बताया कि पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए होने वाले क्वालीफाई मैच चीन में होने वाले थे, लेकिन चीनी महिला हॉकी टीम द्वारा एशियाई खेलों का स्वर्ण जीत कर पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए सीधी योग्यता हासिल कर ली है. इस वजह से अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने ओलंपिक के लिए महिला हॉकी के क्वालीफायर मैच की मेजबानी हॉकी इंडिया को सौंप दी है, जिसके बाद क्वालीफाई मैच अब झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित की जाएगी.
जनवरी में आयोजित होगा मैच
भोलानाथ सिंह ने बताया कि यह मैच 13 से 19 जनवरी 2024 तक रांची में होगा, जिसमें पेरिस ओलंपिक के लिए महिला हॉकी के क्वालीफायर मैच में भारत के साथ-साथ दुनिया भर से सात महिला हॉकी की टीमें हिस्सा लेंगी. इन टीमों में टॉप तीन स्थान पर आने वाली टीम अगले साल आयोजित होने वाली ओलंपिक में अपनी जगह बनाएंगी.
सीएम हेमंत सोरेन ने जाहिर की खुशी
झारखंड को एक और अंतरराष्ट्रीय मैच मिलने पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने खुशी जाहिर की है और कहा कि यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है. झारखंड में वैश्विक हॉकी बिरादरी का स्वागत करना हमारे लिए सम्मान की बात है. हम आने वाले समय में कुछ सर्वश्रेष्ठ एशियाई हॉकी टीमों की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
.
Tags: Hockey, Jharkhand news, Latest hindi news, Local18, Ranchi news, Sports news
FIRST PUBLISHED : October 25, 2023, 12:30 IST