कौशांबी5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कौशांबी के मंझनपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 5 सरदार पटेल नगर स्थित आर्य पब्लिक स्कूल जमीन कब्जा के विवाद मे रविवार को कांग्रेस पार्टी का डेलिगेशन ने मौके पर पहुंचा। जिलाध्यक्ष की अगुवाई में कांग्रेस के 20 प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाने वाले ग्रामीणों से बातचीत की। पीड़ित महिलाओं ने कांग्रेस नेताओं से आरोप लगाते हुए कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बड़े बेटे योगेश मौर्य के इशारे पर अफसरों और पुलिस वालों ने उनसे जबरदस्ती दस्तावेज पर दस्तखत कराए हैं।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरुण विद्यार्थी ने कहा कि उन्हें प्रियंका गांधी ने निर्देशित किया था। अब वो यह रिपोर्ट उनतक पहुंचाएंगे। मामले में पीड़ित महिलाओं के बयान का वीडियो बनाया गया है। यह वीडियो प्रियंका गांधी को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित महिलाएं विधवा हैं। ये दलित वर्ग से आती हैं। ऐसे में इनके साथ यहां अन्याय हो रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा, ”मुझे जानकारी मिली कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के बेटे योगेश मौर्य का स्कूल बगल में है। यही पर दलित विधवा महिलाओं की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। भाजपा के गुंडे लाठी डंडे लेकर आए थे। इनको डरा धमका रहे थे। पहली घटना रक्षा बंधन के दिन हुई और अब कल प्रशासन और पुलिस वालो ने इनकी जमीन पर डरा धमका कर कब्जा करा दिया। पीड़ित महिलाओ को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। यहां भाजपा के नेताओं और गुंडो की तानाशाही चल रही है।”

यह कांग्रेस का डेलिगेशन है।
अरुण विद्यार्थी ने कहा कि वह अपनी नेता प्रियंका गांधी एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पास इस मामले की रिपोर्ट सबमिट करेंगे। कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीब मज़लूमों के साथ खड़ी है। जरूरत पड़ी तो वह पीड़ित के मदद के लिए धरना प्रदर्शन व आंदोलन करने को तैयार है।
वरिष्ठ नेता मो शाहिद सिद्दीकी,AICC सदस्य तमजीद अहमद, पीसीसी सदस्य जितेंद्र शर्मा, पीसीसी सदस्य सावित्री देवी, पार्षद भारत गौतम, इजहार अब्बास,भूपेंद्र पटेल, मोहम्मद रजा,जगजीत पासी, सत्यदेव सरोज, नवाब ईशा, प्रदीप दिवाकर मो अकरम एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बता दें कि इस मामले में किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले में सिराथू के SDM सौम्य मिश्रा ने बताया, मामले का निस्तारण रविवार की शाम को करा दिया गया है। मौके पर कोई विवाद की स्थिति नहीं है। दोनों पक्षों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई है।