- Hindi News
- Business
- Prithvi Raj Singh Oberoi, Oberoi Group Chairman Emeritus, Passes Away At 94
नई दिल्लीएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

ओबेरॉय ग्रुप ऑफ होटल्स के मानद चेयरमैन पृथ्वी राज सिंह ओबेरॉय का आज यानी मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 94 साल के थे। उनके निधन की जानकारी ओबेरॉय ग्रुप की ओर से दी गई है। भारत में होटल बिजनेस को नई दिशा देने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
पृथ्वी राज सिंह ने 2002 में अपने पिता के निधन के बाद ओबेरॉय ग्रुप की कंपनी EIH लिमिटेड के चेयरमैन का पद संभाला था। वह 2013 तक EIH लिमिटेड के CEO रहे हैं। मई 2022 में ओबेरॉय ने EIH के चेयरमैन और डायरेक्टर के रूप में अपना पद छोड़ा था। 2008 में उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

5 मई 2008 को राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने पृथ्वी राज सिंह ओबेरॉय को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।
भारत, ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड में की थी पढ़ाई
पृथ्वी राज सिंह का जन्म 3 फरवरी 1929 को दिल्ली में हुआ था। उन्हें बिकी के नाम से जाना जाता था। उनके पिता राय बहुदुर मोहन सिंह ओबेरॉय ‘द ओबेरॉय ग्रुप’ के फाउंडर है। पृथ्वी राज ने भारत, ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड में पढ़ाई की थी। साल 1959 में उनकी शादी गुड्डी से हुई थी।
उनका एक बेटा विक्रम और एक बेटी नताशा है। नताशा शादी के बाद ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार के साथ रह रही हैं। पृथ्वी राज ने 2011 में घोषणा की कि उनका बेटा विक्रम ओबेरॉय साम्राज्य का उत्तराधिकारी होगा और उनके भतीजे (बड़े भाई तिलक राज के बेटे) अर्जुन ओबेरॉय होटल बिजनेस के मैनेजमेंट में मदद करेंगे।
भारत-पाक युद्ध के दौरान पाक ने 4 होटल ले लिए थे
- पृथ्वी राज ने अपने पिता राय बहादुर ओबेरॉय से होटल बिजनेस की बारीकियां सीखीं।
- स्कूली पढ़ाई के बाद पिता के कहने पर वो होटल में काम करने के लिए यूरोप चले गए।
- कुछ सालों बाद भारत लौटे। द ओबेरॉय ग्रैंड में काम से पहले मेडेंस होटल में काम किया।
- 1960 के दशक में पाकिस्तान में ग्रुप के चार होटलों की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी।
- 1965 में भारत-पाक युद्ध के दौरान पाक ने ये होटल ले लिए और कभी वापस भी नहीं किए।
- 1965 में द ओबेरॉय इंटरकांटिनेंटल नाम से ग्रुप ने भारत का पहला मॉडर्न होटल खोला।
भारत समेत अन्य देशों में ओबेरॉय ग्रुप के होटल
ओबेरॉय होटल्स एंड रिजॉर्ट भारत के अलावा इंडोनेशिया, यूएई, मॉरिशश, सऊदी अरब, इजिप्ट, मोरोक्को जैसे देशों में है। ओबेरॉय ग्रुप ट्राइडेंट होटल्स का भी मालिक है। इसके अलावा इनकी दूसरी बिजनेस यूनिट में ओबेरॉय फ्लाइट सर्विस और एविएशन डिविजन है।