4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘एनिमल’ कल यानी 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज की गई। फिल्म ने सिनेमाघर में आते ही धमाल मचा दिया है। इसी बीच रणबीर की मां नीतू कपूर ने अपने दिवंगत पति और एक्टर ऋषि कपूर को याद किया है। उन्होंने फिल्म एनिमल में रणबीर के लुक की फोटो शेयर करते हुए लिखा- काश आज ऋषि जी होते। वेटरन एक्ट्रेस नीतू कपूर ने कुछ दिनों पहले भी ऋषि कपूर की याद में एक पोस्ट शेयर किया था। जिसमें उन्होंने लिखा था- उनकी याद में। नीतू अक्सर उनकी याद में पोस्ट शेयर करती रहती हैं।

30 अप्रैल 2020 को ऋषि कपूर की मौत हुई थी।
कैसे हुई थी ऋषि कपूर की मौत
ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर 1952 में हुआ था। उनका जीवनकाल 30 अप्रैल 2020 तक था। 67 साल की उम्र में ऋषि कपूर ने अपनी आखिरी सांसे ली थी। ल्यूकेमिया यानी ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में उनका निधन हुआ था। ऋषि कपूर अपने खुशमिजाज स्वभाव के लिए जाने जाते थे। आखिरी वक्त तक भी उन्होंने अपना यह अंदाज नहीं छोड़ा अस्पताल में डॉक्टरों-मेडिकल स्टाफ को हंसाते और उनका मनोरंजन करते थे।
एक बार डिसचार्ज होने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन 30 अप्रैल को तड़के तीन बजे उन्होंने रिस्पॉन्ड करना बंद कर दिया था। उसी समय उन्होंने अंतिम सांस ली,उस वक्त उनके साथ पत्नी नीतू और बेटे रणबीर मौजूद थे।
ऋषि कपूर के कुछ समय पहले एक्टर इरफान खान के मौत की खबर आई थी। बॉलीवुड ने एक साथ दो महान एक्टर को खोया था। इस दुख से निकलने में लोगों को काफी समय लगा।
2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था
2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था। इलाज के लिए वो अमेरिका गए थे। वहां 11 महीने रहने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। अमेरिका में पूरे वक्त उनके साथ पत्नी नीतू ही थीं। रणबीर कपूर कई बार उनसे मिलने न्यूयॉर्क गए थे। कुछ दिनों पहले ऋषि ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘अब मैं बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं। और कोई भी काम कर सकता हूं। सोच रहा हूं कि एक्टिंग दोबारा कब शुरू करूं। पता नहीं लोगों को अब मेरा काम पसंद आएगा भी या नहीं। न्यूयॉर्क में मुझे कई बार खून चढ़ाया गया था। तब मैंने नीतू से कहा था- उम्मीद करता हूं कि नए खून के बावजूद मैं एक्टिंग नहीं भूलूंगा।’