आज तेजी के साथ खुल सकता है बाजार: सितंबर में बेरोजगारी दर गिरकर 7.09% पर आई, भारतीय अरबपति हरपाल समेत 6 की प्लेन क्रैश में मौत

  • Hindi News
  • Business
  • Buiness Events Today: Market Open Today, Manufacturing PMI Data, Unemployment Rate, Harpal Randhawa Died

नई दिल्ली3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कल की बड़ी खबर भारत में बेरोजगारी से जुड़ी रही। सितंबर में बेरोजगारी दर गिरकर 7.09% पर आ गई, जो अगस्त में 8.10% रही थी। इसके अलावा एक और बड़ी खबर यह रही कि भारतीय अरबपति हरपाल रंधावा की जिम्बाब्वे में मिड एयर प्लेन क्रैश में मौत हो गई। प्लेन में उनके बेटे आमेर (22) समेत कुल 6 लोग सवार थे, सभी की इस दुर्घटना में जान चले गई।

कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…

  • शेयर बाजार में आज यानी मंगलवार (3 अक्टूबर) को कारोबार होगा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बाजार आज तेजी के साथ ओपन हो सकता है। बीते दिन सोमवार (2 अक्टूबर) को गांधी जयंती के अवसर पर बाजार बंद रहा था। वहीं पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार (29 सितंबर) को सेंसेक्स 320 अंक की तेजी के साथ 65,828 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 114 अंक की तेजी रही, यह 19,638 के स्तर पर बंद हुआ था।
  • वैलिएंट लेबोरेटरीज का IPO आज क्लोज होगा। यह 27 सितंबर से रिटेल इनवेस्टर्स के लिए ओपन है। इश्यू का प्राइस बैंड ₹133-₹140 है। रिटेल निवेशक मिनिमम एक लॉट यानी 105 शेयर्स के लिए बिडिंग कर सकते हैं। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से 1 लॉट के लिए ₹14,700 निवेश करने होंगे। कंपनी इसके जरिए ₹152.46 करोड़ जुटाना चाहती है। 9 अक्टूबर को कंपनी के शेयर NSE और ‌BSE पर लिस्ट होंगे। वहीं JSW इन्फ्रास्ट्रक्चर और ज्वैलरी रिटेलर वैभव ज्वैलर्स की शेयर बाजार में आज लिस्टिंग होगी।
  • पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। एक साल से ज्यादा समय से पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बदले हैं।
  • सितंबर में देश में मैन्युफैक्चरिंग एक्टिविटीज कैसी रहीं हैं, इसके लिए भारत के मैन्युफैक्चरिंग PMI के आंकड़े आज जारी किए जाएंगे। अनुमान है कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की एक्टिविटीज में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. भारत में कम हुई बेरोजगारी: सितंबर में बेरोजगारी दर 8.10% से गिरकर 7.09% पर आई, यह एक साल का निचला स्तर

भारत में अनएंप्लॉयमेंट रेट यानी बेरोजगारी दर में गिरावट देखने को मिली। सितंबर महीने में जॉबलेस रेट गिरकर 7.09% पर आ गई है, जो अगस्त महीने में 8.10% थी। बेरोजगारी दर सितंबर में एक साल के निचले स्तर पर आ गई, क्योंकि कमजोर मानसूनी बारिश के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी कम हुई है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (CMIE) ने बेरोजगारी दर के यह आंकड़े जारी किए।

CMIE के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में शहरी बेरोजगारी दर पिछले महीने अगस्त के 10.09% से गिरकर 8.94% पर आ गई। जबकि, ग्रामीण बेरोजगारी दर 7.11% से गिरकर 6.20% पर आ गई है। मुंबई बेस्ड CMIE के आंकड़ों पर इकोनॉमिस्ट्स और पॉलिसीमेकर्स पैनी नजर रखते हैं, क्योंकि सरकार अपने मंथली आंकड़े जारी नहीं करती है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. भारतीय अरबपति हरपाल समेत 6 की प्लेन क्रैश में मौत:उनका बेटा भी विमान में सवार था, हरारे से मुरोवा जा रहा था एयरक्राफ्ट

भारतीय अरबपति हरपाल रंधावा की जिम्बाब्वे में मिड एयर प्लेन क्रैश में मौत हो गई। प्लेन में उनके बेटे आमेर (22) समेत कुल 6 लोग सवार थे। सभी की इस दुर्घटना में मौत हो गई। सिंगल इंजन वाला सेसना 206 एयरक्राफ्ट हरारे से मुरोवा जा रहा था। क्रैश की वजह टेक्निकल फॉल्ट को बताया जा रहा है।

60 साल के हरपाल रंधावा माइनिंग कंपनी रियोजिम के मालिक थे। यह कंपनी सोना, कोयला, निकल और तांबे का उत्पादन करती है। रंधावा के परिवार ने 4 अक्टूबर 2023 को उनके और उनके बेटे आमेर के लिए मेमोरियल सर्विस का आयोजन किया है। इसमें उनके सभी दोस्तों और अन्य लोगों को इनवाइट किया है। ये प्रोग्राम हारारे के रेनट्री में होगा।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. ट्रूडो पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कुचलने का आरोप:ब्रॉडकास्टिंग फ्रेमवर्क में बदलाव कर रहा कनाडा, एलन मस्क ने इसे शर्मनाक बताया

टेस्ला के CEO एलन मस्क ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने की कोशिश का आरोप लगाया है। हाल ही में कनाडा ने अपने ब्रॉडकास्टिंग फ्रेमवर्क में बदलाव की घोषणा की। इसमें कहा गया है कि पोडकास्ट ऑफर करने वाली ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सर्विसेज को ‘रेगुलेटरी कंट्रोल्स’ के लिए सरकार के साथ रजिस्टर करना होगा।

मस्क ने जर्नलिस्ट ग्लेन ग्रीनवाल्ड की एक पोस्ट को अपने X हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा- ‘ट्रूडो कनाडा में अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। शर्मनाक।’ ग्रीनवाल्ड ने अपने पोस्ट में ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सर्विसेज को कनाडाई सरकार के साथ रजिस्टर करने को दुनिया की सबसे दमनकारी ऑनलाइन सेंसरशिप स्कीम्स में से एक बताया था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. सिंतबर में 10.56 अरब पहुंचे UPI ट्रांजैक्शन:यह अगस्त में दर्ज 10.58 अरब लेनदेन से थोड़ा कम, वैल्यू 15.79 लाख करोड़ रुपए रही

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI ने सितंबर 2023 में 10.56 अरब ट्रांजैक्शन दर्ज किए। यह अगस्त में दर्ज 10.58 अरब ट्रांजैक्शन से थोड़ा कम है। हालांकि, एक साल पहले दर्ज किए गए 6.78 अरब ट्रांजैक्शन से 55% ज्यादा है। यह लगातार दूसरा महीना है, जब UPI ट्रांजैक्शन ने 10 अरब के आंकड़े को पार किया है।

नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी NPCI ने ‘एक्स’ पर पेमेंट सिस्टम के ये आंकड़े शेयर किए। NPCI ने ये भी बताया कि सितंबर 2023 में ट्रांजैक्शन की ओवरऑल वैल्यू 15.80 लाख करोड़ रुपए रही। अगस्त में ये 15.76 लाख करोड़ थी। वहीं एक साल पहले सितंबर 2022 में यह 11.16 लाख करोड़ थी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. भारत में HP के साथ लैपटॉप बनाएगी गूगल:CEO सुंदर पिचाई बोले- स्टूडेंट्स के लिए सस्ते और सेफ कंप्यूटिंग तक पहुंच बनाना आसान होगा

पर्सनल कंप्यूटर और लैपटॉप जैसे डिवाइस बनाने वाली कंपनी HP ने टेक कंपनी अल्फाबेट के गूगल के साथ पार्टनरशिप की है। दोनों कंपनियां भारत में क्रोमबुक लैपटॉप बनाएंगी। ये लैपटॉप तमिलनाडु में चेन्नई के पास HP की फैक्टरी में बनाए जाएंगे। इस फैक्ट्री में कंपनी करीब 2020 से डेस्कटॉप और लैपटॉप की मैन्युफैक्चरिंग कर रही है।

इस कदम से गूगल को भारत में सप्लाई बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही डेल और आसुस जैसी टेक कंपनियों के विंडोज कंप्यूटरों के साथ कॉम्पिटिशन करने में मदद मिलेगी। कंपनी के अनुसार, ये लैपटॉप स्टूडैंट्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाए जाएंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *