7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फरहान अख्तर के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म जी ले जरा बंद होती नजर आ रही है। इस रोड ट्रिप पर आधारित फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, कटरीना कैफ और आलिया भट्ट लीड रोल में नजर आने वाली थीं। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म बंद होने का कारण प्रियंका चोपड़ा और मेकर्स के बीच हुए क्रिएटिव डिफरेंस हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स ने हाल ही में फिल्म से जुड़े एक सूत्र के हवाले से लिखा है कि फिल्म बंद हो चुकी है। इसका कारण ये है कि प्रियंका चोपड़ा को फिल्म में अपना रोल पसंद नहीं आ रहा था। उनकी इस सिलसिले में मेकर्स से बातचीत हुई, लेकिन क्रिएटिव डिफरेंस के चलते उन्होंने फिल्म छोड़ दी।
फिल्म जी ले जरा की अनाउंसमेंट 2021 में की गई थी।
प्रियंका चोपड़ा अपनी कजिन परिणीति चोपड़ा की शादी के लिए भारत आने वाली थीं, जिसके बाद वो फिल्म का कॉन्ट्रैक्ट साइन करतीं, लेकिन काम में व्यस्त होने के चलते वो भारत नहीं आईं। हालांकि अब उन्होंने फिल्म छोड़ने की बात मेकर्स तक पहुंचा दी है।
कटरीना भी कर चुकी हैं फिल्म से किनारा
ई-टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका चोपड़ा से पहले कटरीना कैफ ने भी इस फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया था। मेकर्स उनकी और प्रियंका की जगह कियारा आडवाणी और अनुष्का शर्मा को लेने पर विचार कर रहे थे, हालांकि अब फिल्म बंद होने की नौबत आ चुकी है।
फिल्म अनाउंसमेंट के दौरान कटरीना, आलिया और प्रियंका की तस्वीर शेयर की गई थी।
डायरेक्टर फरहान अख्तर बोले- स्टार्स की डेट्स ना मिलने से रुकी है फिल्म
कुछ समय पहले वैरायटी मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में डायरेक्टर फरहान अख्तर ने फिल्म टलने पर कहा था, हमें डेट्स के साथ कुछ दिक्कतें हैं। हॉलीवुड में चल रही एक्टर्स की हड़ताल से प्रियंका की डेट्स मिल पाना काफी मुश्किल लग रहा है। अब देखते हैं क्या हो सकता है और क्या नहीं। अब मुझे वाकई लगने लगा है कि इस फिल्म की अपनी नियति है। जब शुरू होना होगा तब हो जाएगी।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका चोपड़ा के पास इस साल फिल्म की शूटिंग करने के लिए डेट्स नहीं थीं। वो चाहती थीं कि फिल्म 2024 में शूट की जाए, जिस पर मेकर्स भी राजी हो चुके थे। लेकिन 2024 में आलिया बैजू बावरा और रामायण की शूटिंग डेट्स दे चुकी हैं। ऐसे में मेकर्स और प्रियंका के बीच बात नहीं बन रही थी।
2021 में हुई थी फिल्म की अनाउंसमेंट
फिल्म जी ले जरा की अनाउंसमेंट साल 2021 में हुई थी। इसे जोया अख्तर और रीमा कागती ने लिखा है। दरअसल, फरहान अख्तर ने अपनी फिल्म दिल चाहता है के 20 साल पूरे होने के मौके पर रोड ट्रिप पर बनने जा रही फिल्म जी ले जरा अनाउंस की थी। अनाउंसमेंट के दौरान बताया गया था कि फिल्म की शूटिंग 2022 में पूरी होगी और फिल्म 2023 में रिलीज होगी।