मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को कहा कि दो मणिपुरी युवाओं के अपहरण और हत्या के सिलसिले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना के कारण पिछले सप्ताह मणिपुर में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ था।
सिंह ने कहा कि सरकार मामले में दोषियों के लिए मौत की सजा समेत अधिकतम सजा सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि फिजाम हेमनजीत और हिजाम लिनथोइंगंबी के अपहरण और हत्या के लिए जिम्मेदार कुछ मुख्य आरोपियों को आज चुराचांदपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जैसा कि कहा जाता है, कोई अपराध करने के बाद भाग सकता है, लेकिन कानून के लंबे हाथों से नहीं बच सकता। हम उनके द्वारा किए गए जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड सहित अधिकतम सजा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
एक युवक और एक युवती छह जुलाई को लापता हो गए थे। उनके शवों की तस्वीरें 25 सितंबर को सामने आईं।
इसके बाद, 26 और 27 सितंबर को छात्रों के हिंसक विरोध प्रदर्शन ने राज्य की राजधानी को हिलाकर रख दिया।
भीड़ ने 28 सितंबर की रात को मुख्यमंत्री के पैतृक घर पर हमला करने की कोशिश की थी, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया था।
डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।