Kota News In Hindi: राजस्थान की कोटा एसीबी टीम ने रिश्वतखोरी की आरोपी दिल्ली पुलिस की एएसआई रेखा सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेखा सिंह दिल्ली से कोटा ट्रेन से रिश्वत लेने पहुंची थी। कोटा एसीबी की टीम ने रेखा सिंह को 20000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

हाइलाइट्स
- कोटा एसीबी की स्पेशल यूनिट ने दिल्ली पुलिस की एएसआई को गिरफ्तार किया
- 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि के साथ कोटा में रंगे हाथ पकड़ी गई रेखा सिंह
- परिवादी आशीष सैनी ने कोटा एसीबी में से लगाई थी गुहार
ASI रेखा सिंह ने रिश्वत के लिए आशीष को दिल्ली बुलाया
दिल्ली से कोटा पहुंचे चालाक और पैसों की लालची महिला ASI रेखा सिंह अब कोटा एसीबी की गिरफ्त में हैं। एसीबी उससे कड़ी पूछताछ कर रही हैं। इस बात की सूचना दिल्ली पुलिस और महिला ASI के परिजनों को भी भेजी हैं। परिवादी आशीष सैनी ने कोटा एसीबी में एक अर्जी पेश की थी। इसमें बताया था कि ‘मुझ पर मेरी पत्नी सविता शर्मा ने दिल्ली के पुलिस थाना मानसरोवर पार्क में एक झूठा मुकदमा 458 / 2022 धारा 498 (ए), 406,34 आईपीसी 10 सितंबर 2022 को दर्ज करवाया था। उस मुकदमें में महिला ASI रेखा सिंह ने मुझे फोन करके दिल्ली बुलाया था। मैं और मेरे मामा का लड़का अभिषेक सुमन दिल्ली मानसरोवर पार्क थाने में रेखा सिंह से मिले थे, तो रेखा सिंह ने मुझ पर 50000 रुपये रिश्वत में देने का दबाव बनाया।’
और रिश्वत मांगने पर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहा
आशीष सैनी ने बताया कि उन्होंने एटीएम से निकालकर 14,000 रुपए रेखा सिंह को दिये थे। बाकी 36000 रुपए की रिश्वत राशि लेने रेखा सिहं ने कोटा आने पर लेने की बात कही। आशीष अब रेखा सिंह को रिश्वत नहीं देना चाहता था। आशीष ने कहा कि मेरी उससे कोई पुरानी रंजिश और लेन-देन बकाया नहीं है। मैं रेखा सिंह को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुये पकड़वाना चाहता था।
फिर 20 हजार रुपए रिश्वत में सौदा तय हुआ
दिल्ली में दर्ज उक्त प्रकरण की अनुसंधान अधिकारी आरोपिया रेखा सिंह 25 मई गुरुवार को ट्रेन से दिल्ली से कोटा आई। परिवादी आशीष सैनी के घर पहुची। परिवादी के माता पिता और अन्य परिजनों के नाम केस में से हटाने। केस को कमजोर करने के नाम पर 36000 रुपए की मांग की। एसीबी ने मामले का सत्यापन करवाया। इस कार्य के लिये महिला ASI 20 हजार रुपए रिश्वत राशि लेने के लिए सहमत हुई।
चलती ट्रेन में कार्रवाई, रंगे हाथों गिरफ्तार हुई रेखा सिंह
कोटा एसीबी ने ट्रेप का जाल तैयार किया। रेखा सिंह परिवादी को साथ लेकर कोटा रेलवे स्टेशन पंहुची। दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। जैसे ही ट्रेन रवाना हुई तो परिवादी से रिश्वत राशि ले ली। इधर, परिवादी का इशारा मिलते ही ट्रेप टीम भी चलती ट्रेन में चढ़ गई। गुडला जंक्शन पर ट्रेन के रुकने पर ASI रेखा सिंह को डिटेन कर गुडला स्टेशन पर उतारा। उसके कब्जे से रिश्वत के बीस हजार रुपए बरामद कर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट- अर्जुन अरविंद
आसपास के शहरों की खबरें
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप