चंदौली30 मिनट पहले
चंदौली जिले के सदर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 नेहरू नगर में विकास कार्यों को जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम पहुंची। यहां पर लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। वार्ड में नाबदान का पानी निकासी और पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन नहीं होने से लोग परेशान हैं।
सभासद पर समस्या नहीं सुनने का आरोप लगाया
लोगों ने आरोप लगाया कि पांच साल तक सभासद रहने वाले रामचंद्र कटरिया ने कभी उनकी समस्याओं को नहीं सुना। ना ही वार्ड में कोई विकास कार्य कराया। ऐसे में लोग शिक्षित और युवा को अपना सभासद बनाना चाहते हैं। नेहरू नगर के युवा नीरज विश्वकर्मा ने बताया कि वार्ड में बिजली के पोल नहीं लगे हैं। जिसके चलते लोग केबिल के माध्यम से अपने घरों में बिजली की आपूर्ति किए हैं। लेकिन कई बार बिजली का केबिल टूटने के चलते बड़ी दुर्घटनाएं टल चुकी हैं।
बताया कि वर्तमान सभासद रामचंद्र कटारिया से इस समस्या को लेकर कई बार अवगत कराया गया। लेकिन उन्होंने बिजली के पोल लगवाने के लिए सकारात्मक पहल नहीं की। नेहरू नगर के अलख तिवारी ने बताया कि वार्ड में नियमित रूप से साफ सफाई नहीं होती है।
नालियों की कई सालों से नहीं हुई है सफाई
खुली नाली होने के चलते आए दिन लोग नाली में गिरकर दुर्घटना का शिकार होते है। इसके अलावा नालियों की सफाई नहीं होने से नाबदान का पानी गली में एकत्र होता है। जिसके चलते दुर्गंध उठने के साथ संक्रामक बीमारियों के पनपने की संभावनाएं बनी रहती है। इस बार वार्ड के लोग शिक्षित और युवा को सभासद बनाना चाहते हैं।

पांच साल तक झांकने नहीं आए सभासद
नेहरू नगर के भोलानाथ ने बताया कि वार्ड में जल निगम के द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन नहीं बिछाया गया है। इसके चलते लोगों को निजी बोरिंग का सहारा लेना पड़ता है। बताया कि वार्ड में किसी भी सार्वजनिक जगह पर हैंड पम्प नहीं लगा है। इसके अलावा सामुदायिक सभागार नहीं होने से लोगों को सास्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन में दिक्कत होती है। वहीं वर्तमान सभासद पांच साल तक लोगों की समस्याओं को दूर करने की पहल नहीं की।