- Hindi News
- National
- TCS Tops In Employing Women, 16% Of Directors On The Board Of 500 Valuable Companies Are Women
नई दिल्ली36 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हुरुन इंडिया की सर्वाधिक मूल्यवान 500 कंपनियों की सूची में रिलायंस-टाटा पर भरोसा।
देश में महिला शक्ति ने एक बार फिर खुद को साबित किया है। हुरुन इंडिया की देश की सर्वाधिक मूल्यवान 500 कंपनियों की सूची में टॉप 10 महिला नियोक्ताओं में भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने पहला स्थान हासिल किया है। कंपनी में करीब 35% यानी 2.1 लाख महिला कर्मचारी हैं। लिस्ट में शामिल 500 में से 410 कंपनियों ने अपने बोर्ड में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है।
इन कंपनियों ने पिछले एक साल में 3.9 लाख नई नौकरियां दी हैं। इनमें पहले से ही 11.6 लाख महिलाएं काम कर रही हैं।आईटी प्रमुख इंफोसिस में 1,24,498 महिलाएं काम करती हैं। विप्रो में 88,946 और एचसीएल टेक्नोलॉजीस में 62,780 महिलाएं कार्यरत हैं। इन कंपनियों में क्रमशः 40%, 36%, और 28% महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। रिलायंस में महिलाओं की संख्या 62,560 है।
सूची में शामिल पांच अन्य कंपनियों में मदरसन सुमी सिस्टम्स, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और पेज इंडस्ट्रीज शामिल हैं।मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड 17.25 लाख करोड़ रुपए वैल्यू के साथ देश की सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी के रूप में उभरी है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी टीसीएस देश की दूसरी और एचडीएफसी बैंक भारत की तीसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी है।
गौतम अदाणी की दो कंपनियां अदाणी टोटल गैस और अदाणी एंटरप्राइजेस इस सूची में है। सूची में 210 कंपनियां ऐसी हैं जो प्रोफेशनल सीईओ के द्वारा संचालित की जा रही हैं। सॉफ्टवेयर और सर्विस सेक्टर को पिछले साल की तुलना में कुल छह लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सूची के मुताबिक, ऊर्जा, रिटेल कारोबार, होटल, रेस्तरां एवं संबंधित क्षेत्र तथा उपभोक्ता सामान क्षेत्रों की कंपनियों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है।
सरकारी कंपनियों की बात करें तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सर्वाधिक 14% ग्रोथ के साथ रैंकिंग में पहले स्थान पर रहा है। इसके साथ ही पॉलिसी बाजार, पेटीएम, जोमैटो और नाइका जैसे स्टार्टअप के मूल्यांकन में भी तगड़ी गिरावट आई है। वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया सूची में 2.19 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे मूल्यवान अनलिस्टेड कंपनी है।
664 महिलाएं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल, अपोलो में सबसे ज्यादा 6
500 सबसे मूल्यवान कंपनियों में महिलाओं काे निदेशक मंडल में 16% स्थान मिला है। इन कंपनियों में 664 महिलाओं को बतौर निदेशक शामिल किया है। अपोलो हॉस्पिटल एंटरप्राइजेस ने सर्वाधिक 6 महिलाओं को बोर्ड में स्थान दिया है जबकि गोदरेज कंज्यूमर्स, पीरामल और इंडिया सीमेंट्स ने क्रमश: 5-5 महिला डायरेक्टर्स नियुक्त किए हैं।